नूंह। सरकार द्वारा मोबाइल देने, आयुष्मान कार्ड बनवाने सहित कई घोषणाओं के बाद भी आज तक इसे पूरा नहीं किया गया है। इसको लेकर नंबरदारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को नंबरदारों ने नूंह के पूर्व विधायक की पत्नी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने मांगें न पूरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
नंबरदार फकरुद्दीन रेहना, यूनुस नंबरदार सालाहेड़ी, कंवर खान नंबरदार, सुभाष नंबरदार उजीना आदि ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 14 अक्तूबर 2019 को हिसार महासम्मेलन में नंबरदारों को एक-एक मोबाइल देने का एलान किया। वहीं इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने का भी वादा किया गया था। लेकिन आज तक किसी भी मांग को पूरा नहीं किया गया है। सभी मांगों को बार-बार प्रशासन को भी अवगत कराया जाता है, लेकिन कुछ नहीं होता। इस दौरान मांग की गई कि नंबरदारों के निकटतम बस स्टॉप से जिला मुख्यालय व तहसील तक हरियाणा रोडवेज में निशुल्क यातायात का प्रबंध किया जाए, ताकि उनको आने-जाने में समस्या न हो। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आश्वासन दिया जा रहा है, जिससे अब उनका सब्र टूट रहा है। ऐसे में उन्होंने सरकार से मांग की कि उनकी इन मांगों पर प्राथमिकता के साथ विचार किया जाए। अन्यथा की स्थिति में वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।