Noida: नोएडा प्राधिकरण के 200 करोड़ रुपये के एफडी फ्रॉड, मोस्ट वांटेड मन्नू साथी के साथ गिरफ्तार
नोएडा प्राधिकरण के खाते में सेंध लगाकर करोड़ों रुपए का फर्जीवाड़ा करने वाला मोस्ट वांटेड मन्नू भोला साथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। मन्नू बीते सवा साल से फरार चल रहा था।
विस्तार
प्राधिकरण के 200 करोड़ रुपये के एफडी फ्रॉड मामले में जून 2023 से फरार चल रहे मास्टरमाइंड व मर्चेंट नेवी के पूर्व अधिकारी मन्नू भोला और साथी त्रिदिब दास को शनिवार को पुलिस ने दिल्ली के होटल से गिरफ्तार कर लिया। पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। डीसीपी नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने भोला पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
डीसीपी नोएडा ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने सबसे पहले अब्दुल खादर को पकड़ा था। बैंक ऑफ इंडिया में प्राधिकरण के खाते को अब्दुल हैंडल कर रहा था। अब्दुल ने राजेश पांडेय, सुधीर, मुरारी, राजेश बाबू के बारे में जानकारी दी। इन चारों को भी अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया गया था। कई आरोपी जमानत पर जेल से बाहर भी आ गए थे। भोला और दास फरार थे। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि अन्य साथियों के साथ उन्होंने 200 करोड रुपये की जाली एफडी बैंक ऑफ इंडिया की सेक्टर-62 शाखा के नाम से बनवाई। इसी जाली एफडी को वह बैंक कर्मचारी बनकर नोएडा प्राधिकरण में दे आए। भोला का मकसद 200 करोड़ रुपये को आपस में बांटकर ऐश करना था। सबसे पहले तीन अलग-अलग खातों में 3.90 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए गए। इसके बाद 9 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने का आवेदन दिया गया, लेकिन बैंक शाखा के अधिकारियों को शक हो गया। रकम ट्रांसफर होने से पहले ही अब्दुल पकड़ा गया। इसके बाद मामले का खुलासा हो गया।
मन्नू को मिले थे 50 लाख
ट्रांसफर कराई गई 3.90 करोड़ रुपये की रकम अब्दुल, राजेश, सुधीर, मुरारी व राजेश ने हवाला के जरिये दिल्ली में निकाली गई थी। मन्नू ने इसमें से करीब 50 लाख रुपये लिए। बाकी की रकम अन्य लोगों में बांट दी गई। फर्जीवाड़े में इस्तेमाल जाली दस्तावेज त्रिदिब ने बनवाए थे। फर्जी मेल आईडी पर बैंक कर्मचारियों और प्राधिकरण के अधिकारियों की बात हुई। फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए मन्नू ने देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले लोगों से संपर्क किया। फर्जीवाड़े के कुछ दिन पहले वह गुरुग्राम और दिल्ली में भी ठिकाना बनाकर कई दिन रहा। फ्रॉड के समय वह नोएडा में ही मौजूद था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
