नए कृषि कानून से सभी वर्गों को मिलेगा लाभ
नूंह। मेवात डेवलपमेंट एजेंसी के पूर्व चेयरमैन एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता खुर्शीद राजाका ने नगीना खंड के गांव अकलीमपुर जैताका और राजाका सहित कई गांवों में किसानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए कृषि कानून किसानों के हित में कल्याणकारी हैं। राजाका ने युवा किसानों को समझाया कि इस नए कृषि कानून से किसानों, मजदूरों, आढ़तियों और छोटे दुकानदारों सहित सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। साथ ही सभी की आमदनी दोगुनी हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि किसानों और मजदूरों को गरीबी से निकालकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना। लेकिन, किसान आंदोलन के नाम से कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल किसानों को बहकाकर देश में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मेवात के किसान इस आंदोलन से दूर हैं। उन्होंने कहा कि मेवात सहित पूरे हरियाणा में एसवाईएल का पानी लाने के लिए विपक्ष को आवाज उठानी चाहिए। पंजाब की कांग्रेस सरकार के कारण काम रुका हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल बीजेपी सरकार में ही किसानों, मजदूरों, दुकानदारों और नौजवानों के सभी हित सुरक्षित हैं। तभी तो बिना रिश्वत और सिफारिश के युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। वहीं असरुद्दीन सरपंच, पप्पू, यूनुस और कासम ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ईमानदारी पर पूरा भरोसा है। बीजेपी सरकार किसी भी सूरत में किसानों के खिलाफ नहीं है, बल्कि कृषि में नए कानून के माध्यम से किसानों को खुशहाल बनाना चाहती है। इसलिए किसान भाइयों को आंदोलन का रास्ता छोड़कर प्रधानमंत्री के साथ खड़ा होना चाहिए, ताकि 70 साल से किसानों का शोषण करने वाली राजनैतिक पार्टियों को सबक मिल सकें। इस मौके पर मौजूद युवा किसानों ने बीजेपी का झंडा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कृषि कानून के समर्थन में नारे लगाए।