कातिल कुत्ते: मासूम बकरियों पर कुत्तों के झुंड ने किया जानलेवा हमला, 12 की मौत; दो गंभीर रूप से घायल
किसान ने बताया कि मौके पर तड़प रही बकरियों की जान बचाने के लिए उसने फौरन पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया। फिलहाल दोनों बकरियों की हालत नाजुक बनी हुई है।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा स्थित त्रिलोकी कस्बे में शनिवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने बकरियों पर हमला बोल दिया। इस हमले में 12 बकरियों की मौत हो गई है। जिस किसान की ये बकरियां थी उसने बताया कि उसके पास 14 बकरियां थीं। जिन्हें वो एक प्लॉट में बांधकर रखता था। कुत्तों के हमले में बकरियों के मारे जाने से उसे काफी आर्थिक हानी हुई है।
गार्ड की नौकरी करता है किसान
पीड़ित किसान ने बताया कि वह एक मैरिज होम में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता है। उसने सुबह सभी बकरियों को चारा खिलाने के बाद घर के पास ही एक प्लॉट में बांध रखा था। दोपहर बाद रोजाना की तरह शाम के वक्त वह बकरियों को खेत में चराने के लिए प्लॉट से लेने गया था। उसने देखा कि बकरियों पर कुत्तों ने हमला किया है। उसने शोर मचाकर कुत्तों को किसी तरह बकरियों के पास से भगाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक कुत्तों ने हमला कर 12 बकरियों की जान ले ली थी और दो बकरियां घायल अवस्था में तड़प रही थीं।
बकरियों के भरोसे चलता था घर
किसान ने बताया कि मौके पर तड़प रही बकरियों की जान बचाने के लिए उसने फौरन पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया। फिलहाल दोनों बकरियों की हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित किसान का कहना है कि इन्ही बकरियों से ही परिवार का पालन पोषण कर रहा था।