डीपीएस रैगिंग का मामला : डीएम की चेतावनी, दोबारा न हो रैगिंग या मारपीट की घटना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीपीएस में रैगिंग की घटना के बाद जिला प्रशासन सख्त हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी एनपी सिंह ने कैंप कार्यालय पर जिले के बोर्डिंग स्कूल प्राचार्यों के साथ बैठक की। उन्होंने सख्त लहजे में स्कूल प्रबंधनों को 14 सूत्रीय दिशा निर्देश जारी किए हैं। इनमें स्कूलों में महिलाओं-लड़कियों की बात रखने के लिए महिला सेल का पुनर्गठन करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूलों में सबसे पहले छात्र-छात्राओं को ऐसा माहौल दिया जाए कि वह रैगिंग तो दूर, मारपीट या आपस में झगड़ने की भी न सोच पाएं। हॉस्टलों में अच्छे वार्डन नियुक्त किए जाएं। समय-समय पर उनकी काउंसलिंग हो। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद हर स्कूल में महिला सेल को शुरू किया जाए।
इसके अलावा एक शिकायत-सुझाव बॉक्स भी लगवाया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं समस्याएं लिखकर डाल सकें। डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी घटना दोहरायी न जाए। रैगिंग हो या मारपीट, स्कूल परिसर में दोनों पर ही अंकुश लगे। बच्चों को मानसिक रूप से स्कूलों में पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और उनके अंदर की हिंसा आपसी भाईचारे में बदल डालें।
स्कूल और हॉस्टल में बच्चों को घर और परिवार जैसा माहौल दिया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि स्कूलों में यह अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं कि वह अपने स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे और काउंसलर आदि की व्यवस्था कर लें। इसके अलावा जून में एंटी रैगिंग टीम की जांच व असलियत जानने के लिए कॉलेज प्रबंधकों के साथ बैठक की जाएगी। हालांकि , पत्र भेजने शुरू कर दिए हैं, ताकि वह मानकों को पूरा करना शुरू कर दें।
डीपीएस प्रिंसिपल व आरोपियों को भेजा नोटिस
डीपीएस हॉस्टल में रैगिंग मामले में पुलिस ने प्रिंसिपल, हॉस्टल वार्डन और आरोपी छात्रों से पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है। सेक्टर-20 थाना प्रभारी अमरनाथ यादव दो बार स्कूल के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन वह किसी से पूछताछ नहीं कर सके हैं। एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। जांच गंभीरता से की जा रही है। आरोप सिद्ध होने पर गिरफ्तारी की जाएगी।