-विधायक तेजपाल नागर ने गिनाईं सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल क्षेत्र की योजनाएं
; 80 करोड़ से 100 बेड के अस्पताल का होगा निर्माण
दादरी (संवाद)। विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि नगर और क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दादरी को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए ओवरब्रिज और जीटी रोड को जोड़ने के लिए रूपवास बाईपास का निर्माण कराया गया है। रेलवे रोड से नहर बाईपास बनने से गाजियाबाद की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिली है। जीटी रोड स्थित मिहिर भोज कॉलेज में पब्लिक लाइब्रेरी और जारचा रोड पर कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया गया है। विधायक ने बताया कि करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से जीटी रोड, जारचा रोड और बिसाहड़ा-एनटीपीसी रोड का चौड़ीकरण कराया गया है। रेलवे रोड के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण का काम भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 80 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड के अस्पताल का शिलान्यास जल्द होगा। अस्पताल में 35 विशेषज्ञ डॉक्टर होंगे। युवाओं के लिए खेल स्टेडियम और मुख्यमंत्री अभ्युदय निशुल्क कोचिंग सेंटर भी तैयार किया जा रहा है।