{"_id":"68cc30262789eac0ae08d105","slug":"75-ambassadors-and-high-commissioners-plant-trees-in-the-name-of-their-mothers-na-news-c-340-1-del1011-105364-2025-09-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida News: 75 राजदूतों और उच्चायुक्तों ने अपनी मां के नाम पर लगाए पौधे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida News: 75 राजदूतों और उच्चायुक्तों ने अपनी मां के नाम पर लगाए पौधे
विज्ञापन
विज्ञापन
-मां के नाम की यादें सहेजते हुए विदेशी मेहमान हो गए भावुक
-केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और मुख्यमंत्री रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली में रह रहे दुनियाभर के विभिन्न देशों के 75 राजदूतों, उच्चायुक्तों ने अपनी मां के नाम पौधे लगाए। विदेशी मेहमान भारत की राजधानी में अपनी मां के नाम की ये अनोखी याद सहेजते हुए ये भावुक दिखे। पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत दिल्ली सरकार ने रिज क्षेत्र में ये पौधरोपण कार्यक्रम किया। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसका नेतृत्व किया, साथ में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।
रिज क्षेत्र में पीबीजी ग्राउंड के भीतर एक पेड़ मां के नाम 2.0 वैश्विक पौधरोपण अभियान आयोजित हुआ। इसमें 72 से अधिक देशों के 75 से ज्यादा राजदूतों, उच्चायुक्तों और हेड्स ऑफ मिशन ने हिस्सा लिया। बहरीन, भूटान, चीन, रूस, ओमान, स्पेन, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, जमैका, फीजी, पापुआ न्यू गिनी समेत एशिया, अफ्रीका, यूरोप, अमेरिका और ओशिआनिया के कई देशों के राजनयिकों और उनके परिवार के सदस्यों ने हिस्सा लिया। हरएक विदेशी मेहमान ने अपनी मां के नाम पर पौधा लगाया। हर पौधे के साथ नाम पट्टिका लगी, जिसमें राजनयिक का नाम, उनकी मां का नाम और पौधे की प्रजातियां लिखी हुई हैं।
विज्ञापन
पौधे लगाते हुए भावुक पल सामने आए
कार्यक्रम के दौरान कई भावुक पल भी सामने आए। कैमरून की राजदूत अपनी दिवंगत मां को याद करके रो पड़ीं और मुख्यमंत्री ने उनको गले लगाया। 15 दिन पहले ही उनकी मां की मृत्यु हो गई थी। इसमें खाड़ी देशों के राजनयिकों ने खास रुचि दिखाई। ओमान के राजदूत इस्सा सालेह अलशिबानी ने इस अभियान के लिए धन्यवाद दिया।
विज्ञापन
धरती को बचाना सबकी जिम्मेदारी - भूपेन्द्र यादव
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धरती को बचाना सबकी जिम्मेदारी है। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी की एक पेड़ मां के नाम की अपील ने सबको ये एहसास कराया। कई राजनयिक अपनी मां को याद करके भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े में 25 सितंबर को पूरे देश में 7.5 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
दिल्ली का ग्रीन कवर 25 फीसदी बढ़ा - रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली का ग्रीन कवर 25 फीसदी बढ़ा है, देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता हानि और वायु प्रदूषण की चुनौतियां किसी सीमा को नहीं मानतीं, इसलिए हमें वैश्विक स्तर पर साथ मिलाकर काम करना होगा। दिल्ली में ये कार्यक्रम इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।
पीएम मोदी के वैश्विक नेतृत्व का सबूत - सिरसा
पर्यावरण मंत्री ने कहा, 72 से ज्यादा देशों के राजनयिकों ने पौधे लगाए। यह पीएम मोदी के वैश्विक नेतृत्व का सबूत है और सभी भारतीयों के लिए गर्व का पल है।