'बीमार' अस्पताल को है 'इलाज' की जरूरत
फरीदाबाद में बीमारी का इलाज कराने आने वाले मरीज और उनके परिजन एनएच-3 स्थित ईएसआई अस्पताल आकर और बीमार हो रहे हैं। लोगों के इलाज से पहले अस्पताल को खुद इलाज की जरूरत है।
अस्पताल में सीवर ओवरफ्लो होकर ग्राउंड में जलभराव हो गया। नतीजा मच्छरों की संख्या तो बढ़ी ही बदबू से मरीजों और परिजनों का बुरा हाल है।
रोजाना सफाई नहीं होने और गंदगी के कारण मरीज जनसुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाते। मरीजों का आरोप है कि कई बार अस्पताल में लगी शिकायत पेटिका में समस्या लिखी गई मगर समाधान नहीं निकला। रोजाना सैकड़ों मरीज परेशान हो रहे हैं।
अस्पताल में ये कैसे मुसीबत?
मेनहोल चोक होने के कारण पूरे अस्पताल कैंपस में जलभराव हो गया। इससे उठने वाली बदबू से मरीज दिन भर परेशान रहे। जवाहर कॉलोनी से बच्चे को इलाज के लिए लेकर आई कांता देवी ने बताया कि जब तक वह पहुंची लंच ब्रेक हो चुका था।
इंतजार करने लगे मगर बदबू के मारे बैठा ही नहीं जा रहा। मच्छरों की संख्या बहुत ज्यादा है। डर लग रहा है बच्चा और न बीमार हो जाए। वहीं मरीज के साथ आए संदीप का आरोप है कि पूर्व में भी कई बार समस्याओं की शिकायत पेटिका में डाली गई और एमएस को भी सौंपा गया मगर हालात नहीं सुधर रहे।
जनसुविधा तो बीमारियों का गढ़ बना है। लोग इस्तेमाल नहीं कर सकते। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. एके गौतम ने बताया कि लोगों की इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी शिकायत आती हैं मगर नई बिल्डिंग बनने के कारण इसमे अधिक बजट नहीं लगा सकते। हालांकि सीवर समस्या बनी है उसे साफ कराया जा रहा है।