दिल्ली के 11 जिलों में से 9 रेड जोन घोषित, कंटेनमेंट इलाके हुए 47, 24 घंटे में चार का इजाफा
दिल्ली के 11 जिलों में से नौ जिले कोरोना वायरस के संक्रमण के नजरिए से बेहद संवेदनशील हैं। इनके 47 इलाकों को कंटेनमेंट घोषित करने के साथ सील कर दिया गया है। बीते 24 घंटे में कंटेनमेंट की संख्या चार बढ़ी है। इसमें से तीन पश्चिमी जिले में और एक मध्य जिले में आता है। दूसरी तरफ उत्तर-पूर्वी जिले और उत्तर-पश्चिमी जिले में एक भी इलाका अभी कंटेनमेंट नहीं है। दिल्ली सरकार इन इलाकों को रेड जोन मानकर बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन करवा रही है।
दिलशाद गार्डन में कोरोना वायरस का संक्रमण अचानक से बढ़ने पर दिल्ली सरकार ने बीते महीने 26 मार्च को इलाकों को सील करना शुरू किया था। शाहदरा जिले के दिलशाद गार्डन व पुरानी सीमापुरी के दो इलाके कंटेनमेंट घोषित करने के साथ सील कर दिए। इसके बाद यहां सरकार ने ऑपरेशन शील्ड चलाया। इसके तहत इन इलाकों में लोगों की आवाजाही बंद करने के साथ घरों से निकलने तक की मनाही कर दी गई। वहीं, जरूरी सुविधाओं की डोर स्टेप डिलीवरी की गई। दिल्ली सरकार का कहना है कि इसका नतीजा यह रहा कि बीते 15 दिने से इस इलाके में कोरोना वायरस के संक्रमण का एक भी नया केस नहीं आया है।
दूसरी तरफ संक्रमण बढ़ने के क्रम में दूसरे इलाकों को सील करने का सिलसिला भी चलता रहा। 47 इलाके सील हैं। इसमें सबसे ज्यादा 12 इलाके दक्षिण-पूर्वी जिले में हैं। वहीं, पूर्वी जिले में 9 व पश्चिमी जिले के सात इलाके सील किए गए हैं।
सोमवार को जुड़े चार नए इलाके
. बालाजी अपार्टमेंट, संत नगर, बुराड़ी, मध्य जिला
. कृष्णा अपार्टमेंट, पश्चिम विहार, पश्चिमी दिल्ली
. जेजे कालोनी, मादीपुर, पश्चिमी दिल्ली
. ईस्ट पटेल नगर के 36/4 के नजदीकी इलाके, पश्चिमी दिल्ली
उत्तर-पूर्वी व उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में एक भी इलाका रेड जोन में नहीं
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी व उत्तर-पश्चिमी जिले में अभी किसी भी इलाके में कोरोना वायरस के संक्रमण के ज्यादा मामले नहीं आए हैं। लिहाजा यहां किसी इलाके को अभी कंटेनमेंट घोषित नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वह माइक्रो लेवल पर नजर बनाए हुए हैं। अगर कहीं भी संक्रमण बढ़ने की आशंका बनती है तो उसे सील किया जाएगा।
दिल्ली के अलग-अलग जिलों के रेड जोन
दक्षिण जिला : 3
पूर्व जिला : 9
पश्चिम जिला : 7
शाहदरा जिला : 5
मध्य जिला : 4
दक्षिण-पश्चिम : 3
उत्तर : 2
नई दिल्ली : 2