कन्हैया ने समय काटने के लिए तिहाड़ में मांगा टीवी
देशद्रोह के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार अपनी बैरक में काफी अकेलापन महसूस कर रहे हैं जिसके बाद उन्होंने जेल प्रशासन से एक गुजारिश की है।
कन्हैया ने जेल प्रशासन से विनती की है कि उन्हें एक टीवी मुहैया करा दिया जाए। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया है कि एक तो इससे उनका समय कट जाएगा और दूसरा वो अपने बारे में 24 घंटे की जानकारी पा लेंगे।
जेल सूत्रों के अनुसार कन्हैया जेल नंबर में रखे गए हैं। इस जेल वो 25 सेल हैं जिनमें सामान्य कैदी रखे जाते हैं। ये भी पता चला है कि उनके आस-पास कोई बड़ा अपराधी बंद नहीं है। उसका दिन बहुत साधारण बीतता है। वो समाचार पत्र पढ़ता है और उसने कुछ किताबों की भी मांग की।
उसने जेल प्रशासन से कहा है कि चूंकि उसका समय नहीं कट पाता और वह कितने समय तक और कितनी किताबें पढ़ेगा इसलिए जब तक उसकी जमानत नहीं होती उसकी सेल में टीवी लगवा दिया जाए।
पटियाला हाउस कोर्ट में हुई मारपीट पर भेजा नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कन्हैया कुमार मामले में आज केंद्र सरकार समेत, दिल्ली पुलिस व दिल्ली सरकार को भी नोटिस भेजा है। जानकारी के अनुसार पटियाला हाउस कोर्ट में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कन्हैया के साथ जो मारपीट हुई उसी का संज्ञान लेते हुए मानवाधिकार आयोग ने अपनी नोटिस जारी की है।
बता दें कि एनएचआरसी के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को तिहाड़ जाकर कन्हैया से मुलाकात की थी। वहां से आने के बाद प्रतिनिधि दल ने बताया कि कन्हैया को चोट आई और उसके शरीर पर खरोंच के भी निशान हैं।
इसके साथ ही कन्हैया ने ये भी बताया कि पुलिस ने उसके नाम से जो चिट्ठी जारी की है वो भी उससे दबाव डलवाकर लिखवाई गई है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के जांच दल ने जेएनयू मामले में दिल्ली पुलिस की कड़ी आलोचना की है।
कन्हैया पर पुलिस ने बनाया मनोवैज्ञानिक दबाव
मानवाधिकार संगठन ने कहा है कि ऐसा लगता है कि कोर्ट परिसर के अंदर कन्हैया कुमार की पिटाई संगठित और पूर्व नियोजित तरीके से की गई है। आयोग ने यह भी कहा है कन्हैया कुमार पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया गया और पुलिस के निर्देश पर संविधान के प्रति निष्ठा दिखाते हुए बयान दिलवाया गया।
मामले की जांच कर रही मानवाधिकार आयोग की टीम ने कन्हैया कुमार को अदालत के बाहर और अंदर पीटा गया। पुलिस ने तब भी कुछ नहीं किया, जब कन्हैया कुमार ने अपने ऊपर हमले करने वाले एक शख्स को पहचान भी लिया।
गौरतलब है कि कन्हैया कुमार को 17 फरवरी को पटियाला हाउस अदालत में पेशी में ले जाते वक्त वकीलों के एक गुट ने पीटा था। वहीं, कन्हैया कुमार को पटियाला हाउस कोर्ट में हुए हमले के दौरान बाहरी चोटें लगी हैं। उसकी मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट से यह बात सामने आई है।