कहीं टूट कर बिखर न जाए आम आदमी पार्टी!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) की खेमेबंदी थमने का नाम नहीं ले रही है। दोनों गुटों में सुलह-समझौते की कोशिशों के बीच राष्ट्रीय परिषद की बैठक पर तकरार शुरू हो गई है। राजस्थान से ‘आप’ नेता राकेश पारिख ने परिषद के सदस्यों की 27 मार्च को बैठक बुलाई है। जबकि पार्टी इस तरह की किसी बैठक से इनकार कर रही है। ‘आप’ का कहना है कि परिषद की एक दिवसीय बैठक 28 मार्च को है।
एक वरिष्ठ पदाधिकारी की मानें तो परिषद की बैठक बुलाने की एक प्रक्रिया है। किसी प्रांत के किसी नेता को बैठक बुलाने का कोई अधिकार नहीं है। फिलहाल परिषद की बैठक 28 मार्च को बुलाई गई है। ‘आप’ ने इसका एजेंडा भी तय कर लिया है।
सूत्रों की मानें तो परिषद की बैठक में योगेंद्र यादव-प्रशांत भूषण के खिलाफ प्रस्ताव लाया जा सकता है। टीम केजरीवाल की कोशिश है कि दिल्ली चुनाव को आधार बनाकर दोनों नेताओं को कटघरे में खड़ा किया जाए। सूत्र बताते हैं कि चुनाव में दोनों नेताओं की भूमिका खास नहीं रही है। जीत पक्की देखकर आखिरी वक्त में योगेंद्र यादव सक्रिय हुए। लेकिन उनकी संगठन निर्माण, उम्मीदवारों के चयन व प्रचार अभियान की रणनीति बनाने में कोई भूमिका नहीं रही। वहीं, प्रशांत भूषण पूरे चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों की शिकायती चिट्ठी लेकर घूमते रहे। इतना ही नहीं, चुनाव प्रचार के दौरान कई बार दोनों नेता एक सुर में पार्टी के खिलाफ बोलते दिखे।
ब्लॉग बम वाले पारिख ने अब किया ट्वीट
परिषद की बैठक में मिशन विस्तार की रणनीति तैयार होगी। इसमें राज्यवार तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। हर राज्य के प्रभारी की नियुक्ति होगी। अपने राज्य में पहुंचकर प्रभारी जिला व मंडल के स्तर के कार्यकर्ताओं से बात करेगा। उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तैयार होगी।
कई राज्यों पर ‘आप’ की नजर
‘आप’ की नजर में पहला राज्य पंजाब है। संसदीय चुनाव के अनुभव को देखते हुए पार्टी मानकर चल रही है कि विधान सभा में उसका प्रदर्शन बेहतर रहेगा। ‘आप’ के पंजाब से चार सांसद चुने गए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश व राजस्थान में भी पार्टी गंभीरता से जनाधार बढ़ाने की कोशिश करेगी। इसके अलावा मुंबई निगम चुनाव में भी ‘आप’ के उतरने की योजना है।
ब्लॉग लिखकर टीम केजरीवाल पर हमला कर चुके राजस्थान के ‘आप’ नेता राकेश पारिख ने मंगलवार को ट्वीट किया कि ‘आप’ के भीतर अपनी बात रखने का सबसे उपयुक्त मंच राष्ट्रीय परिषद की बैठक है। पार्टी गठन के बाद परिषद की दूसरी बैठक 28 मार्च को बुलाई गई है। एक दिन की बैठक में सभी सदस्यों को बोलने का मौका भी नहीं मिलेगा। लिहाजा परिषद की एक बैठक 27 मार्च को बुलाई गई है। सभी सदस्यों को इस पर ध्यान देना चाहिए। बता दें कि परिषद के सदस्य पारिख ने शनिवार को ब्लॉग लिखकर टीम केजरीवाल पर हमला बोला था।