शराब मामले में मुश्किल में 'आप' के बालियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के उत्तम नगर प्रत्याशी नरेश बालियान की मुसीबत बढ़ने की आशंका है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस के पास नरेश बालियान के खिलाफ कुछ पुख्ता सबूत हैं।
इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने उन्हें दो बार हाजिर होने का समन भेजा था। लेकिन फिर भी वह हाजिर नहीं हुए। बस्सी ने कहा कि वह इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रहे हैं।
बस्सी ने ये भी कहा कि जो भी कार्रवाई उचित समझी जाएगी वह अधिकारी करेंगे। यदि बालियान की गिरफ्तारी की भी जरूरत पड़ी तो वो भी होगी।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही नरेश बालियान के उत्तम नगर स्थित गोदाम से पुलिस ने 200 से अधिक शराब की पेटियां जब्त की थीं। बाद में आप और बालियान ने इसे किसी बीजेपी नेता का गोदाम बताकर इस मामले से पल्ला झाड़ लिया था।
कमिश्नर से मिले AAP नेता
नरेश बालियान की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी के बयान के बाद आप नेता आशुतोश, संजय सिंह, आशीष खेतान बस्सी से मिलने पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचे।
कमिश्नर बीएस बस्सी से मुलाकात के बाद आप प्रवक्ता संजय सिंह ने बताया है कि उन्होंने कमिश्नर से मिलकर अपना पक्ष रखा है।
संजय ने बताया कि वो जांच के विरुद्ध नहीं हैं लेकिन नरेश बालियान चुनाव के बाद जांच में सहयोग करेंगे। संजय के अनुसार बस्सी ने कहा है कि वह उनकी बताई गई बातों पर गौर करेंगे।
वहीं आज सुबह एक बयान में आप संयोजक केजरीवाल ने कहा था कि, 'मेरे सभी उम्मीदवार गिरफ्तार कर लो, फिर भी हम जीतेंगे।'
भाजपा वालों, आप तंत्र का दुरूपयोग करके हमारे सारे कैंडिडेट्स को गिरफ्तार कर लो, फिर भी आपकी हार निश्चित है।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 6, 2015
आप के पोस्टर लगी कार में मिली साड़ियां
उत्तर पूर्वी दिल्ली के विकासपुरी क्षेत्र से ठीक दो दिन पहले आम आदमी पार्टी के पोस्टर लगी हुई कार से साड़ियां बरामद की गई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस वहां मौके पर पहुंची और कार को जब्त करने के साथ वहां मौजूद चार लोगों को पूछताछ के लिए थाने लेकर गई।
आशंका जताई जा रही है कि इन साड़ियों को मतदान से पहले जनता में बांटा जाना था। कार से कुल 9 साड़ियां बरामद की गई हैं।
भाजपा हमें बदनाम करने की आज पूरी कोशिश कर रही है। हमारी टोपी लगाकर, मेरी फोटो लगाकर गलत काम करेंगे। पर सच सच होता है। जनता सब समझती है।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 6, 2015
वहीं मायापुरी फेस-2 स्थित एक गोदाम पर छापा मारने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को करीब 20 पेटी शराब बरामद की गई। उधर, गीता कॉलोनी से एसेंट कार से भी भारी मात्रा में शराब बरामद की है।