मॉल में महिलाओं से की छेड़छाड़, कपड़े भी फाड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनोरंजन और खरीदारी करने सिटी मॉल आए लोगों के साथ रविवार देर शाम चार दबंग मनचलों ने छेड़छाड़ और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए सिक्योरिटी गार्ड्स को भी मनचलों ने लात-घूंसों से पीटा।
सूचना के बीस मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची तब तक हमलावर कार में सवार होकर फरार हो चुके थे। कोई कार्रवाई न होने से गुस्साए लोगों ने डीसी आवास जाकर प्रदर्शन किया।
इसके बाद हरकत में आई सेंट्रल पुलिस ने केस दर्ज कर मनचलों को चौबीस घंटे में गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित सिटी मॉल में रविवार शाम अनीश बनर्जी परिवार के साथ डिनर करने आए थे।
पत्नी संग अभद्रता कर पति को पीटा
इस दौरान गुड़गांव के रजिस्ट्रेशन नंबर की सफेद स्विफ्ट कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे। इन चारों ने आइसक्रीम खा रही पांच साल की एक बच्ची को थप्पड़ जड़ दिया।
पिता ने विरोध किया तो उसे भी पकड़कर पीट दिया। एक महिला के साथ अभद्र हरकत की तो उसके पति और दुकानदार ने विरोध किया। चारों ने पहले पति को पीटा और फिर दुकानदार पर भी लात-घूंसे बरसा दिए।
मॉल में हंगामा होता देख सिक्योरिटी गार्ड्स ने चारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पिटने के बाद उन्हें हटना पड़ा। मॉल से निकल रहे एक बुजुर्ग के कपड़े भी फाड़ डाले।
हो गई है मनचलों की पहचान
लोगों ने पुलिस को सूचना दी, करीब बीस मिनट बाद दो सिपाही मौके पर पहुंचे तब तक दबंग वहां से फरार हो चुके थे। औपचारिकता कर सिपाही भी वहां से खिसक लिए।
कोई कार्रवाई न होने पर लोगों में रोष छा गया। सभी लोग रात साढ़े दस बजे के करीब डीसी आवास पहुंच गए। डीसी अमित अग्रवाल ने समस्या सुन फौरन ही संयुक्त पुलिस आयुक्त और डीसीपी को फोन कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के निर्देश पर सेंट्रल पुलिस हरकत में आई और अनीश बनर्जी की तहरीर पर आनन-फानन रिपोर्ट दर्ज की गई। एसएचओ सेंट्रल ने बताया कि मनचलों की पहचान हो गई है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें गुड़गांव भेजी गई हैं।
नहीं काम आई सीसीटीवी फुटेज
रात करीब साढ़े नौ बजे हुई मारपीट की वीडियो मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैप्चर तो हुई है, लेकिन गुणवत्ता अच्छी न होने की वजह से मनचलों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं।
मॉल के मैनेजर लखविंदर ने बताया कि घटना मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर हुई थी। महिलाओं के साथ अभद्रता, बच्चों और लोगों के साथ मारपीट करते हुए चार लोगों की वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित कर ली गई है। गार्ड्स ने हमलावरों की सफेद स्विफ्ट कार का नंबर नोट कर लिया था, इसे पुलिस को बताया गया है।