गुस्साए लोगों ने इसलिए बनाया था डीएमआरसी के असिस्टेंट मैनेजर और इंजीनियर को बंधक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अर्थला मेट्रो स्टेशन निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोगों ने बुधवार को डीएमआरसी के असिस्टेंट मैनेजर और एक इंजीनियर को बंधक बना लिया। लोगों का आरोप था कि दोनों धरने की फोटो खींच रहे थे।
वहीं डीएमआरसी अधिकारियों का कहना था कि वे सर्वे करने आए थे। धरने पर बैठे लोगों ने सर्वे का काम रुकवा दिया और बंधक बना लिया। शाम को डीएमआरसी के एचआर मैनेजर के आने पर दोनों अधिकारियों को छोड़ा।
अर्थला पर मेट्रो स्टेशन का निर्माण रद्द होने के विरोध में लोग धरना दे रहे हैं। बुधवार दोपहर करीब सवा 12 बजे धरनास्थल पर बैठे लोगों ने डीएमआरसी के असिस्टेंट मैनेजर और इंजीनियर अमित को बंधक बना लिया।
धरने का नेतृत्व कर रहे मनवीर चौधरी का आरोप था कि कर्मचारी धरने की फोटो खींच रहे थे। लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक डीएमआरसी के अधिकारी और जीडीए वीसी आकर मेट्रो स्टेशन निर्माण की घोषणा नहीं करते तब तक दोनों अधिकारियों को नहीं छोड़ा जाएगा।
आश्वासन के बाद छोड़ा गया इंजीनियर
शाम करीब साढ़े पांच बजे डीएमआरसी के एचआर मैनेजर अमित अग्रिहोत्री मौके पर पहुंचे और आलाधिकारियों तक उनकी मांग पहुंचाने का आश्वासन दिया। उसके बाद असिस्टेंट मैनेजर और इंजीनियर को छोड़ा गया। इस मौके पर अनिल चौधरी, दीपक राघव, आशा सिंह, रमेश लता, गीता, विराट सिंह, विनीत चौधरी आदि मौजूद रहे।
धरने पर बैठे लोगों से मिलने पहुंचे अजय शर्मा: भाजपा के महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इसके बाद जीडीए वीसी से मुलाकात की और लोगों की समस्याओं को उनके सामने रखा। अजय शर्मा ने बताया कि अर्थला में मेट्रो स्टेशन की मांग जायज है, इसके लिए सांसद वीके सिंह से बात की जाएगी।