रेलवे स्टेशन पर हुई मुलाकात, फिर ट्रेन में अगवा किया महिला का बेटा, वजह है चौंकाने वाली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली में शादी का दबाव बनाने के लिए एक युवक ने ट्रेन में यात्रा के दौरान महिला के दो साल के बच्चे को अगवा कर लिया। आरोपी ने पीड़िता को बच्चा लेने के लिए रामपुर (यूपी) बुलाया था।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस ने आरोपी को रामपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की बहन के घर से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी उसे काफी अरसे पहले छोड़कर चुकी है और वह बच्चे की मां से शादी करना चाहता था।
रेलवे पुलिस उपायुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान दातागंज, बदायूं (उत्तर प्रदेश) निवासी शैलेंद्र कोली (30) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर है। 29 अगस्त की रात बनकटी, बस्ती (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली 25 साल की महिला नई दिल्ली रेलवे थाने पहुंची।
उसने बताया कि एक व्यक्ति ने उसके दो साल के बेटे को अगवा कर लिया है। उसने बताया कि 28 अगस्त को वह अपने दो साल के बेटे को लेकर अंबाला में रहने वाली अपनी बहन के पास जाने के लिए बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां उसकी मुलाकात 30 साल के युवक से हुई।
युवक ने उसे बताया कि वह भी अंबाला जा रहा है। उसके बाद दोनों एक साथ ट्रेन में सवार होकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। 29 अगस्त की रात ट्रेन का इंतजार करनेे के दौरान युवक उसके बेटे को लेकर फरार हो गया।
पीड़िता ने पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर दिया। फोन की लोकेशन रामपुर आ रही थी, तुरंत पुलिस की एक टीम को रामपुर रवाना किया, लेकिन आरोपी ने फोन बंद कर दिया। इसी बीच आरोपी ने नए नंबर से पीड़िता को फोन कर बच्चे को लेने के लिए रामपुर बुलाया।
पुलिस ने उस फोन नंबर की जांच की। मोबाइल नंबर शैलेंद्र के नाम पर था। उस पर आरोपी का फोटो भी आ रहा था। पुलिस पीड़िता के साथ थी। रामपुर स्टेशन पहुंचने पर आरोपी पीड़िता से मिलने पहुंचा। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।