हैरान कर देगा ठगी का ये तरीका: PM के साथ फोटो एडिट कर लोगों को दिखाता था बड़े सपने, लग्जरी कार के साथ गिरफ्तार
आरोपी नेताओं व सरकार में गहरी पैठ होने का झांसा देकर लोगों को सरकारी ठेके व नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें ठगी का शिकार बनाता था। वह फिलहाल नोएडा के सेक्टर-107 स्थित ग्रेट वेल्यू अपार्टमेंट में रह रहा था।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों व नेताओं के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर अपने साथ शेयर करने और धोखाधड़ी के आरोपी मोहम्मद काशिफ को एसटीएफ व पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नेताओं व सरकार में गहरी पैठ होने का झांसा देकर लोगों को सरकारी ठेके व नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें ठगी का शिकार बनाता था। आरोपी दिल्ली के रमेश पार्क लक्ष्मी नगर का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के सेक्टर-107 स्थित ग्रेट वेल्यू अपार्टमेंट में रह रहा था। आरोपी अपने पिता के साथ म्यूजिक व न्यूज चैनल चलाता था। इसमें आर्थिक क्षति होने पर आरोपी नाम कमाने और पैसा कमाने के लिए धोखाधड़ी करने लगा।
नोएडा एसटीएफ के एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि अभिसूचना विभाग व आलाधिकारियों से जानकारी मिली थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अन्य केंद्रीय मंत्रियों के फोटो एडिट कर धोखाधड़ी करने का आरोपी दो साल से नोएडा में सक्रिय है। सूचना मिलते पर एसटीएफ आरोपी की तलाश में जुटी थी। बुधवार को सुबह एसटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी मोहम्मद काशिफ किसी से मिलने सूरजपुर क्षेत्र में आने वाला है। एसटीएफ ने सूरजपुर कोतवाली पुलिस को सूचना देकर आरोपी को घंटा चौक पर मर्सिडीज (कार) में दबोच लिया। टीम ने आरोपी को अपने साथ ले जाकर पूछताछ की। आरोपी से बरामद मोबाइल में पुलिस को फेसबुक व इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री व अन्य नेताओं के साथ कई पोस्ट व रील मिलीं। अधिकांश फोटो एडिट किए हुए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी मर्सिडीज भी जब्त की है।
पीएम-सीएम के शपथ ग्रहण के फोटो व निमंत्रण पत्र मिले
एसटीएफ ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से 29 मई 2019 का मोहम्मद आसिफ अहमद के नाम से प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का, 20 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री के लंच का, 2 सितंबर 2016 को प्रधानमंत्री के लंच का, 18 मई 2017 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह का, 18 फरवरी 2017 को दिल्ली पुलिस कमिश्नर के रिसेप्शन के फोटो व निमंत्रण पत्र की फोटो फेसबुक व इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गईं हैं। ये प्राथमिक जांच में एडिट किए हुए पाए गए हैं।
तीन आईफोन में से एक में खुर्जा की युवती और दूसरी में दिल्ली के युवक की आईडी
टीम ने आरोपी के कब्जे से तीन आईफोन बरामद किए हैं। इनमें एक आईफोन-14 आरोपी की स्वयं की आईडी पर है। जबकि एक फोन मूलरूप से खुर्जा के हाजीपुर भटौला की रहने वाली युवती जो फिलहाल दिल्ली विक्रम विहार में रह रही है। वहीं, दूसरा नंबर दिल्ली के लक्ष्मीनगर निवासी हर्ष के नाम पर है।
महिला मित्र व अपनी दो कंपनियों के खातों में जमा की अवैध कमाई
आरोपी ने बताया कि धोखाधड़ी से एकत्रित की गई रकम उसने अपनी दो कंपनियों के खाते में और अपनी दोस्त तनु के खाते में हस्तांतरित कराई है। एसटीएफ आरोपी के खातों में प्राप्त की गई रकम की विस्तृत डिटेल जुटाने का प्रयास कर रही है।