Kapil Mishra: आप का दामन छोड़ BJP का पकड़ा हाथ; जानें कौन हैं कपिल मिश्रा, जिन्हें दिल्ली कैबिनेट में मिली जगह
आज रेखा गुप्ता के साथ-साथ प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, और पंकज कुमार सिंह मंत्री पद की शपथ ली।
विस्तार
दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद भाजपा के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है। रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शालीमार बाग विधानसभा की विधायक रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इनके साथ ही दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पार्टी नेता प्रवेश वर्मा और आशीष सूद को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलवाया। इनके अलावा भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। सिरसा ने पंजाबी में शपथ लिया। भाजपा विधायक रविन्द्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह ने भी दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।कपिल मिश्रा ने करावल नगर से दूसरी बार जीत हासिल की है। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहने वाले कपिल मिश्रा भाजपा से पहले आम आदमी पार्टी में भी रह चुके हैं।
कपिल मिश्रा का जन्म पूर्वी उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 13 नवंबर 1980 को हुआ था। उनकी मां अन्नपूर्णा मिश्रा भाजपा नेता रही हैं। वे पूर्वी दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रहीं। भाजपा में कपिल मिश्रा को हिंदुत्व के बड़े चेहरे के रूप में देखा जाता है। कपिल मिश्रा ने भाजपा के टिकट से करावल नगर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के मनोज कुमार त्यागी को 23,355 वोटों से हराया।
आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे हैं कपिल मिश्रा
अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहने वाले कपिल मिश्रा को 2015 में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली सरकार में जल और पर्यटन मंत्री बनाया गया था। लेकिन केजरीवाल और सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के बाद उन्हें मंत्रालय हटा दिया गया था।
आप से बगावत के बाद भाजपा में पहुंचे
कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल पर 2 करोड़ रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। जिसकी शिकायत उन्होंने एसीबी में भी शिकायत की थी। लेकिन मिश्रा इसे साबित करने में असफल रहे। जिसके बाद कपिल मिश्रा को आम आदमी पार्टी ने पहले मंत्री पद से हटाया और उसके बाद पार्टी से भी बाहर कर दिया। 2019 में कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी को छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था।
- प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए।
- मूलरूप से देवरिया निवासी और डीयू से मास्टर डिग्री प्राप्त।
- राजनीति में प्रवेश अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से।
- छात्र जीवन में यमुना सफाई के लिए कई जनांदोलन किए।
- 2015 में आप सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। इस्तीफा देकर भाजपा में आए।
- मां अन्नपूर्णा मिश्रा पूर्वी दिल्ली दिल्ली नगर निगम की पहली मेयर रहीं हैं।
- रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, (शालीमार बाग से विधायक)
- प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, कैबिनेट मंत्री (नई दिल्ली से विधायक)
- आशीष सूद, कैबिनेट मंत्री, (जनकपुरी से विधाक)
- मनजिंदर सिंह सिरसा, कैबिनेट मंत्री, (राजौरी गार्डन से विधायक)
- रवींद्र इंद्राज सिंह, कैबिनेट मंत्री, (बवाना से विधायक)
- कपिल मिश्रा, कैबिनेट मंत्री, (करावल नगर से विधायक)
- पंकज कुमार सिंह, कैबिनेट मंत्री (विकासपुरी से विधायक)
- सुबह 11:40 बजे : मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आने का सिलसिला शुरू हुआ।
- सुबह 11:50 बजे : दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना पहुंचे।
- दोपहर 12:00 बजे : गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री आदि पहुंचे।
- दोपहर 12:15 बजे : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंचे और सभी का अभिवादन किया।
- दोपहर 12:19 बजे : पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई।
- दोपहर 12: 24 बजे : उपराज्यपाल ने सीएम रेखा गुप्ता को शपथ दिलाई। इसके बाद बाकी मंत्रियों ने शपथ ली।
- दोपहर 12:38 बजे : उपराज्यपाल के सचिव ने शपथ ग्रहण समारोह को संपन्न करने के लिए अनुमति मांगी।
- दोपहर 12:40 बजे राष्ट्रगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो गया।
- दोपहर 12:45 बजे : प्रधानमंत्री और अन्य सभी अतिथि समारोह स्थल से रवाना हुए।