जहांगीरपुरी में हिंसा: सीएम केजरीवाल बोले- दिल्ली में शांति व्यवस्था बनाए रखे केंद्र, अनुराग ठाकुर ने 'आप' को घेरा, पढ़ें किसने क्या कहा?
जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जन्मोत्सव पर शोभा यात्रा निकालते समय दो पक्षों के बीच हंगामा हुआ। इस दौरान भारी पथराव भी किया गया। घटना में पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है। इस बवाल में कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जहांगीरपुरी इलाके में तनाव को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। दिल्ली से लेकर यूपी तक पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। घटना को देखते हुए एडीजी कानून-व्यवस्था, यूपी प्रशांत कुमार ने कहा है कि अधिकारियों को संवेदनशील, दिल्ली से सटे इलाकों में गश्त करने और पर्याप्त बल तैनात करने का निर्देश दिया है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से राजधानी में शांति व्यवस्था बनाए रखने की गुहार लगाई है। इस पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल पर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं इस घटना के बाद किस नेता ने क्या कहा....
केजरीवाल ने केंद्र से की अपील
जहांगीरपुरी में हुई पथराव की घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, 'लोगों से कहना चाहता हूं कि उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखनी है क्योंकि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता। एजेसिंया, पुलिस और दिल्ली में केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है तो केंद्र सरकार दिल्ली में शांति व्यवस्था बनाए रखे।'
हालात काबू में : दिल्ली पुलिस
हालात को लेकर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक का कहना है स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। माहौल शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी यहां मौजूद हैं। प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू करप दी गई है।
नोएडा में फ्लैग मार्च
ज्वाइंट सीपी लव कुमार ने बताया कि दिल्ली की संवेदनशील घटना के बाद सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लक्ष्य के साथ पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है। जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की गई है।
गुरुग्राम में पुलिस चौकस...
गुरुग्राम में भी पुलिस सतर्क है। गुरुग्राम के एसीपी संजीव बल्हारा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक बाइक पर 2 संदिग्ध घूम रहे हैं। इसके बाद नाकाबंदी की गई थी। पुलिस का सामना जब इन बाइक सवार अपराधियों से हुआ तब उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गए। एक पुलिसकर्मी के पैर में गोली लगी है। पूरे इलाके में नाकाबंदी की गई है और सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। जल्द गिरफ़्तारी की जाएगी।
इस बीच उपराज्यपाल अनिल बैजल ने राष्ट्रीय राजधानी में हिंसा और पथराव की घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इन गतिविधियों के पीछे जिम्मेदार किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सीपी, दिल्ली के साथ स्थिति का भी जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि घायल हुए नागरिकों के अलावा घायल पुलिसकर्मियों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाए। एलजी ने दिल्ली के सीएम से भी बात की।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम हैं, लेकिन कोई जिम्मेदारी नहीं लेंगे। दूसरे राज्यों में जाना और अधिकारियों के साथ बैठक करना हमारे संघीय ढांचे पर हमला है। वह दिल्ली में सरकार नहीं चला पा रहे हैं और किसी और पर आरोप लगाते हैं।
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव पर जहांगीरपुरी में पथराव की घटना हुई। यह सब राजधानी में एक बड़ी साजिश के तहत हो रहा है। इसकी तत्काल जांच कराई जानी चाहिए। मामले के दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- जहांगीरपुरी में तनाव: शोभायात्रा के बीच पथराव, उपद्रवियों ने फूंकीं गाड़ियां, दिल्ली पुलिस ने संभाला मोर्चा, देखें तस्वीरें
वहीं, जहांगीरपुरी हिंसा पर पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि शोभायात्रा पर हुआ पथराव बहुत ही दुखदायी है और ये दिल्ली की सोच और दिल्ली के कल्चर के खिलाफ है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।