योग दिवसः 26 जनवरी जैसी होगी दिल्ली की सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर इंडिया गेट पर आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम की सुरक्षा भी 26 जनवरी व 15 अगस्त की तरह की गई है।
आसमान से भी नजर रखी जाएगी। कार्यक्रम की सुरक्षा त्रिस्तरीय होगी। कार्यक्रम शुरू होने से खत्म होने तक नई दिल्ली का इलाका नो फ्लाई जोन रहेगा। दिल्ली पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी ने कहा कि योग दिवस भारत ही नहीं पूरे विश्व के लिए खास है।
इसकी सुरक्षा भी गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस समारोह जैसी की जा रही है। दिल्ली पुलिस के 11 डीसीपी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। अर्धसैनिक बलों की 30 कंपनियों के अलावा दिल्ली पुलिस की लोकल पुलिस व पीसीआर को तैनात किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विमानों के संचालन पर पाबंदी
नई दिल्ली जिले के तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को पास से ही प्रवेश दिया जाएगा। सभी को त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था से गुजरना होगा। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी यहां पर सुरक्षा कवच देंगी।
खुफिया विभाग के हवाई हमले के अलर्ट को देखते हुए कार्यक्रम स्थल इंडिया गेट, राजपथ के पास पतंग, गुब्बारे और ड्र्रोन उड़ाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। कार्यक्रम स्थल के ऊपर से विमानों की उड़ान पर पाबंदी रहेगी।
राजपथ से जुड़े मार्गों पर किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों को सलाह दी है कि 21 जून को सुबह 7:00 से लेकर 10:00 बजे तक नई दिल्ली इलाके में आने से बचें।
डीटीसी के सौ से अधिक रूट होंगे डायवर्ट
विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य पर राजपथ पर होने वाले कार्यक्रम के चलते करीब सौ से अधिक बस रूट डायवर्ट होंगे। इंडिया गेट सर्किल, आईटीओ समेत कनॉट प्लेस के आसपास की रोड बंद होने का असर बसों के संचालन पर पड़ेगा। बसों के रूट शनिवार रात दो बजे से रविवार दोपहर एक बजे तक प्रभावित रहेंगे।
डीटीसी प्रबंधन के मुताबिक, इंडिया गेट सर्किल, मदर टेरेसा क्रेसेंट, बाबा खड़क सिंह मार्ग, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस, बाबा खड़क सिंह मार्ग और बाराखंभा रोड के बीच भगवान दास मार्ग, मथुरा रोड, लोधी रोड, अरविंदो चौक, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्या मार्ग, सरदार पटेल मार्ग से 11 मूर्ति मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके चलते इन इलाकों से गुजरने वाली बसों के रूट डायवर्ट किए गए हैं।
इन सड़कों के बंद होने से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, केंद्रीय सचिवालय, धौलाकुआं, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, करोल बाग, आईटीओ, आनंद विहार आईएसबीटी, कश्मीरी गेट आईएसबीटी जाने वाले यात्रियों को मुख्य रूप से दिक्कत होगी। इंडिया गेट सर्किल या फिर उक्त सड़कों से पूर्वी दिल्ली आने-जाने, उत्तरी दिल्ली, पश्चिमी, दक्षिणी दिल्ली जाने वाली बस में सफर करने वाले यात्रियों को अपने नए रूट पता करके ही सफर करने की सलाह दी जाती है।