नहीं करना होगा इंतजार: एप बताएगा कितनी देर में पहुंचेगी बस-मेट्रो, रास्ता, दूरी और परिवहन विकल्प भी सुझाएगा
आईआईआईटी ने बस यात्रा के लिए एप में ट्रैवल प्लानर का विकल्प पेश किया है। इसपर यात्रियों को घर या दफ्तर से बस स्टॉप की दूरी, बस के पहुंचने का वक्त के साथ साथ मेट्रो का भी ब्यौरा शामिल किया जा रहा है।
विस्तार
बस हो या मेट्रो अब एक ही एप से दोनों की जानकारी मिलेगी। घर या दफ्तर से स्टॉप या मेट्रो स्टेशन की दूरी, पहुंचने का समय और रास्ते में तमाम परिवहन विकल्पों का इस्तेमाल कैसे करें, एप बताएगा। इससे यात्रियों के लिए दोनों परिवहन विकल्पों की सटीक जानकारी मिल सकेगी। इससे यात्रा में त्वरित और सुलभ होंगी। आईआईआईटी ने इसके लिए एप विकसित किया है, जिसे एक दो दिन में लांच कर दिया जाएगा।
आईआईआईटी ने बस यात्रा के लिए एप में ट्रैवल प्लानर का विकल्प पेश किया है। इसपर यात्रियों को घर या दफ्तर से बस स्टॉप की दूरी, बस के पहुंचने का वक्त के साथ साथ मेट्रो का भी ब्यौरा शामिल किया जा रहा है। इसमें सभी लाइन पर चलने वाली मेट्रो के आवागमन के समय की सटीक जानकारी मिल जाएगी। मसलन, अगर आपके घर से किसी मेट्रो स्टेशन की दूरी एक किलोमीटर है। एप बताएगा कि ई रिक्शा, ऑटो या बस से आप कितनी देर में पहुंचेंगे।
इतना ही नहीं, आपको स्टेशन पहुंचने से पहले यह जानकारी मिल जाएगी गंतव्य तक जाने के लिए मेट्रो कितनी देर बाद पहुंचेगी। इससे सहूलियत होगी कि आप अपनी सुविधा के अनुसार गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। ना भागदौड़ करना होगा, अगर चंद सेकेंड बाद मेट्रो रवाना होने वाली हैं तो जल्दबाजी में होने वाली गलतियां भी नहीं होंगी।
आईआईआईटी के प्रो. प्रवेश बियानी के मुताबिक ट्रैवल प्लानर को यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार किया गया है। इससे गंतव्य तक पहुंचने के लिए बस, मेट्रो के समय की जानकारी के साथ ही वहां तक जाने के लिए लास्ट माइल कनेक्टिविटी के साधनों का भी ब्यौरा होगा। इससे यात्रा में समय की बचत होगी और आपको सुरक्षित सफर का मौका मिलेगा।
अगले चरण में दूसरे परिवहन विकल्पों के बारे में भी जानकारियां एकीकृत की जा रही हैं। इससे यात्रियों को एक ही एप से पूरे यात्रा के दौरान परिवहन साधनों के इस्तेमाल के लिए अहम जानकारियां मुहैया की जाएंगी।