कैंपस में खूब उड़ा गुलाल, तिवारी ने गाया जिय हो जेएनयू के लाला..
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर के गरम माहौल के बीच मंगलवार को सतरंगी गुलाल ने मिठास भर दी। सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी की मौजूदगी में परिसर हैपी होली से गूंज उठा।
छात्रों, शिक्षकों और कर्मियों ने एक-दूसरे को गले लगाते हुए होली की शुभकामनाएं दी। मनोज ने जेएनयू छात्रों को समर्पित और देश के जवानों को सलाम करता गाना गाया, जिसे छात्रों ने बेहद सराहा।
जेएनयू परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय ग्राउंड में मंगलवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव और एबीवीपी पदाधिकारी सौरभ शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मनोज तिवारी विशेष अतिथि थे।
'कुछ लोग जेएनयू को बदनाम कर रहे हैं'
उन्होंने भोजपुरी का प्रसिद्ध गाना ‘जीय हो बिहार के लाला’ को जेएनयू छात्रों को समर्पित करते हुए जीय हो जेएनयू के लाला, जीय हो जेएनयू के बाला... गाया तो छात्र झूम उठे। मनोज ने सेना के जवानों को समर्पित गाना भी सुनाया, जिसमें होली का जिक्र किया।
कार्यक्रम के अंत में सांसद ने कहा कि जेएनयू बहुत अच्छा संस्थान है। कुछ लोग इसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए हमारा कानून है। वे कानून से नहीं बच सकते हैं।
जेएनयू से पढ़कर लोग समाज और देश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर देश सेवा करते हैं। शशि थरूर के कन्हैया की भगत सिंह से तुलना करने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि वे निम्नस्तर की राजनीति कर रहे हैं।
भगत सिंह एक ही थे और उनकी देशभक्ति हम सबके रोम-रोम में है। वहीं, उन्होंने देशविरोधी नारे लगाने के मामले को सार्वजनिक करने पर सौरभ शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि देश को बचाने में इनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।