अलवर मामला: मदद तो दूर नेताओं की खातिरदारी में फंस गया पहलू खान का परिवार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलवर जिले के बहरोड़ में तथाकथित गोरक्षकों के गुस्से का शिकार बने पहलू खान के परिवार से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा शुक्रवार को जयसिंहपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पहलू को न्याय दिलाने के लिए जो भी संघर्ष करना पड़ेगा करेंगे।
उधर, लोगों का कहना है कि परिवार को अभी तक कोई आर्थिक मदद नहीं मिली, लेकिन आए दिन नेताओं का उसके घर आना-जाना लगा है। ऐसे में उनकी खातिरदारी के लिए परिवार को खर्च करना पड़ रहा है।
पहलू खान के परिवार से मिलने वालों में हुड्डा के साथ राज्यसभा सांसद शादीलाल बत्रा, पूर्व मंत्री आफताब अहमद, पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद, पूर्व सीपीएस जलेब खां, पूर्व विधायक अजमत मलाई, महताब अहमद, एजाज काटपुरी, युवा कांग्रेस के पुन्हाना खंड के चेयरमैन मुबारिक मलिक, ब्लॉक समिति उपाध्यक्ष अरशद टांई, फारूख कैराका, अयुब सहरावत, अशरफ सरपंच घासेड़ा, मुबीन तेड समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
हुड्डा ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर कोसा तथा भाईचारे को खराब करने का आरोप लगाया। हुड्डा ने पहलु खान के बेटों के सिर पर हाथ रखते हुए उन्हें हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले के दोषियों के साथ सख्ती से निपटा जाए, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति फिर से समाज में दरार डालने का प्रयास न कर सके।
राजस्थान सरकार को लिया आड़े हाथों
साथ ही उन्होंने राजस्थान सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उन्होंने जानबूझकर कानून व्यवस्था उपद्रवियों के हाथों में सौंप रखी है। जब पुलिस है तो फिर ऐसे तथाकथित गोरक्षकों की क्या आवश्यकता है।
कानून हाथ में लेने की किसी को भी छूट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, मृतक पहलु के परिवार में नौकरी व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की मांग की।
हुड्डा ने कहा कि गाय किसी एक धर्म या जाति से नहीं बल्कि समस्त समाज के लिए आदरणीय है और इसे पालने का हक सभी को है। गाय पालने से किसी को सिर्फ इसलिए रोका जाए कि वह मुसलमान है तो यह उचित नहीं है। गाय पालकर पहलु अपने परिवार का गुजारा करना चाहता था, लेकिन उसके साथ धर्म के नाम पर अत्याचार किया गया।
राज्यसभा सांसद शादीलाल बत्रा ने कहा कि जैसे ही इस घटना की जानकारी सदन को हुई तो उन्होंने इस मामले को जोरशोर से उठाया। जिसका राज्यसभा में मौजूद प्रत्येक पार्टी ने समर्थन किया तथा पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए सभी पार्टियां एकजुट हैं।