बरात की जगह निकली अर्थी: कैसे होगी शादी, कहां से आएगा पैसा? सोच-सोच दूल्हे ने दी जान; मार्च में होना था विवाह
मृतक की पहचान मुरैना (मध्य प्रदेश) के मानपुर निवासी भूरा (23) के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के पालम विहार क्षेत्र के ओम विहार में किराये पर रहता था और हलवाई का काम करता था।
विस्तार
गुरुग्राम स्थित पालम विहार क्षेत्र में एक युवक ने शादी के खर्च को लेकर परेशान होकर रविवार की रात को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक द्वारा आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंची। पुलिस ने एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया।
मार्च में होनी थी भूरा की शादी
मृतक की पहचान मुरैना (मध्य प्रदेश) के मानपुर निवासी भूरा (23) के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के पालम विहार क्षेत्र के ओम विहार में किराये पर रहता था और हलवाई का काम करता था। मार्च 2026 में भूरा की शादी होनी थी। शादी के लिए परिवार वालों व जानकारों से रुपयों का इंतजाम करने के लिए संपर्क कर रहा था। शादी में होने वाले खर्च को लेकर भूरा काफी परेशान था। रविवार की रात को उसने जिस टीन शेड में किराये पर रहता था, उसमें फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
नहीं मिला जांच में कोई सुसाइड नोट
जांच अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।
युवती ने लगाया फंदा
बादशाहपुर थाना के अंतर्गत बेगमपुर खटोला गांव में एक युवती ने अज्ञात कारणों से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की पहचान हरदोई (उत्तर प्रदेश) के निजा पूर्वा गांव निवासी रोली (18) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ बेगमपुर खटोला में किराये पर रहती थी। जांच अधिकारी गणेश ने बताया कि मामले में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जा चुका है। परिवार वाले के बयान दर्ज किए हैं, जिसमें युवती के मानसिक रूप से परेशान रहने की बात सामने आई है।