तावडू। जिले के रोजका मेव थाने में खड़ी दो बाइकों को सस्ते दामों में बेचने के आरोप में एक साल बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही अजय कुमार निवासी सोहना को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सिपाही ने सप्लेंडर और अपाचे बाइक बेचने के नाम पर रोजका मेव के ही एक दुकानदार से एक लाख रुपये ठगे थे। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है।
रोजका मेव निवासी वसीम के पास गत 26 फरवरी 2023 को रोजका मेव थाने का सिपाही अजय कुमार दुकान पर आया था, जिसने उसे कहा कि अगले महीने थाने में खड़ी बाइकों की नीलामी होगी। इनमें से वह सस्ते दामों में उसे दो बाइक दिला देगा। इस पर दुकानदार वसीम का सिपाही अजय कुमार के साथ एक सप्लेंडर और एक अपाचे बाइक का एक लाख रुपये में सौदा हो गया। इसके बाद आरोपी ने उसे थाने में खड़ी दो नई बाइक दिखाईं, जिन्हें देखकर दुकानदार बाइक लेने के लिए राजी हो गया और उसने सिपाही को एक लाख रुपये दे दिए। जब सिपाही द्वारा बाइक नहीं दिलाई गई तो युवक ने अपने पैसे मांगे। आरोप है कि कुछ दिन तक तो उसे पैसे वापस देने के नाम पर घुमाया गया, बाद में सिपाही ने अपना तबादला दूसरी जगह करा लिया और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी सिपाही के विरुद्ध केस दर्ज कराया। रोजका मेव थाना प्रभारी अमन बेनीवाल का कहना है कि सिपाही अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर भी लिया गया है। संवाद