गुरुग्राम। पिछले करीब एक माह में मंगलवार को पहली बार ऐसा हुआ जब जिले में एक दिन में आने वाले कोरोना के नए मरीजों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या ज्यादा रही। मंगलवार को जिले में कोरोना के 161 नए मरीज आए जबकि 191 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। पिछले एक पखवाड़े भर से कोरोना की रफ्तार काफी बढ़ गई है, जिसके तहत रोजाना 100 से ज्यादा नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है तो उससे कहीं कम संख्या में मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। वहीं, अब कोरोना के चलते मरने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी है।
161 नए मरीजों के आने के साथ ही अब जिले में कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 62737 तक पहुंच चुका है, जिसमें से 60507 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि मंगलवार को जिले में एक भी मरीज की संक्रमण के चलते मौत नहीं हुई। कोरोना के चलते अब तक जिले में 364 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, कोरोना का प्रकोप बढ़ने के साथ ही जांच की संख्या में कोई विशेष असर नहीं पड़ा है। अब फिर से जिले में जांच की संख्या 4 हजार से कम हो गई है। ब्यूरो