Gurugram: बस-कार में हुई जोरदार टक्कर में चार युवकों की मौत, एक घायल, जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे सभी
एसीपी प्रीत पाल सिंह ने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में जांच की जा रही है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी दोस्त एक जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे जब यह हादसा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्रुखनगर के खैंटावास में सोमवार सुबह एक बस और कार की जोरदार भिड़ंत में कार सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। हादसे में पांचवां युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पांचों युवक अपने एक अन्य दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए गुरुग्राम के फर्रुखनगर थाना क्षेत्र स्थित गांव खैंटावास गए हुए थे।
जन्मदिन की पार्टी खत्म करने के बाद सभी दोस्त कार से सोमवार सुबह करीब 6 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार चालक ने अचानक यू-टर्न ले लिया। उसी वक्त झज्जर की ओर से आती तेज रफ्तार बस ने कार को टक्कर मार दी। पूरा हादसा एक पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।
सेक्टर-28, फरीदाबाद की मूल निवासी रेखा बटोलर ने फर्रुखनगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा पारस बटोलर, अपने तीन अन्य दोस्त मधुनगर आगरा (यूपी) निवासी अभिषेक, एचबीसी कॉलोनी निवासी जैश्नव कक्कड़, मथुरा के गोगा गांव निवासी आविन चौधरी उर्फ लव व सेक्टर-15 फरीदाबाद निवासी नितिन सांगवान के साथ बीती रात नितिन की बलेनो कार से अपने दोस्त अंशुल का जन्मदिन मनाने के लिए फर्रुखनगर के खैटावास गांव स्थित उसके फार्म हाउस पर गए हुए थे।
उन्होंने बताया कि आविन चौधरी एक आईटी कंपनी में इंजीनियर बताया जाता है। जबकि पारस एक कॉल सेंटर में काम करता था। अभिषेक एमबीए की तैयारी कर रहा था। 22 से 25 साल की उम्र वाले सभी युवक फिलहाल दिल्ली में रह रहे थे।
जन्मदिन मनाने के बाद सोमवार सुबह सभी कार से वापस दिल्ली जाने के लिए ही निकले थे। सुबह करीब छह बजे खैंटावास गांव के पास ही गुरुग्राम रोड पर यू टर्न लेते समय उनकी कार को सामने से आती हुई एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पारस व अभिषेक को सेक्टर-90 स्थित आरवी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, दूसरी तरफ आविन, जैश्वन व नितिन को हयातपुर स्थित अमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान आविन व जैश्नव की मौत हो गई जबकि नितिन का इलाज चल रहा है। कार नितिन ही चला रहा था, जो गंभीर रूप से घायल है।
फार्म हाउस में की थी जन्मदिन पार्टी
फर्रुखनगर थाना पुलिस के मुताबिक सभी दोस्तों ने खैंटावास के अशोक फॉर्म हाउस में अपने दोस्त अंशुल की जन्मदिन पार्टी की थी। सुबह करीब छह बजे वापसी के दौरान खैंटावास के पास पेट्रोल पंप के सामने स्थित कट पर चालक नितिन ने अचानक कार मोड़ दी। उस वक्त गुरुग्राम की तरफ से आ रही बस की रफ्तार काफी तेज थी। माना जा रहा है कि कार चालक पेट्रोल पंप से शायद ईंधन लेना चाहता था। इसी कारण उसने अचानक तेजी से कार को पेट्रोल पंप की ओर मोड़ा था।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
यह पूरा हादसा हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि मारुति कंपनी का बोर्ड लगी बस की रफ्तार भी काफी तेज थी। अचानक कार के सामने आ जाने से चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और कार को साइड से जोरदार टक्कर लगी। हादसे के चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शिकायत पर फर्रुखनगर थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बस मारुति कंपनी की बताई जा रही है, जो कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद सभी मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।