ग्रेटर नोएडा: 50 हजार गरीबों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आशियाना
जिले के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 50 हजार लोगों को अब छत मिल सकेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकार ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यीडा व यूपीएसआईडीसी को 50 हजार घर बनाने का लक्ष्य दिया है। इस पर जल्द काम शुरू होने के आसार हैं। इसमें आवंटियों को 2.5 लाख रुपये की छूट भी मिलेगी। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिले में भी शहरी गरीबों को मकान देने की कवायद शुरू की गई है। जनपद में शहरी गरीबों के लिए 50 हजार मकान बनाए जाएंगे। इसके लिए शासन ने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। ये मकान नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण और यूपीएसआईडीसी बनाएंगे। इसकी कवायद प्रशासन और सभी प्राधिकरणों ने शुरू कर दी है। इन मकानों का आवंटन डूडा (डिस्ट्रिक्ट अरबन डेवलपमेंट एजेंसी) के जरिये किया जाएगा। हालांकि किस प्राधिकरण को कितने मकान बनाने हैं, इसका निर्धारण फिलहाल नहीं हो पाया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से इसके लिए शासन को पत्र भेजा गया है। वहां से लक्ष्य प्राप्त होने के बाद तेजी से काम शुरू किया जाएगा।
दोबारा जारी होंगे दिशानिर्देश
प्राधिकरणों का यह भी कहना है कि शासन ने जो दिशानिर्देश जारी किए हैं, वह आवासीय विकास प्राधिकरणों के लिए है। जनपद के तीनों प्राधिकरण औद्योगिक एक्ट के तहत बने हैं। इसलिए ये दिशानिर्देश इन पर लागू नहीं होते। इसलिए संशोधित आदेश जारी करने होंगे। इस बारे में भी शासन को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही दिशानिर्देश आने की उम्मीद है। बता दें कि गाजियाबाद में इस योजना के तहत बनने वाले फ्लैटों की कीमत करीब 4.5 लाख है। ये पांच मंजिला ईडब्ल्यूएस फ्लैट हैं।
पार्थ सारथी सेन शर्मा, सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बताया कि, शहरी गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। जनपद में ऐसे 50 हजार आवास बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को कितने मकान बनाने हैं। इस बारे में प्रशासन से जानकारी ली गई है। इसका काम जल्द शुरू किया जाएगा।