दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-2 लागू: पार्किंग महंगी, होटलों में तंदूर के इस्तेमाल पर पाबंदी; जानें और क्या रोक लगी
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए फिर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत डीजल जनरेटर और तंदूर में कोयले पर पाबंदी रहेगी।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद सोमवार से तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप)-2 लागू कर दिया गया है। इसके तहत प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए कई प्रतिबंधात्मक कदम उठाए जाएंगे। होटल, रेस्तरां और ढाबों में कोयले तथा लकड़ी से चलने वाले तंदूर के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। वहीं, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर चलाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
संवेदनशील हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी
प्रदूषण कम करने के लिए चिह्नित सड़कों पर रोजाना मैकेनिकल और वैक्यूम स्वीपिंग के साथ पानी का छिड़काव किया जाएगा। प्रदूषण के लिहाज से संवेदनशील हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। गैर-बीएस-6 वाहनों पर लागू प्रतिबंध जारी रहेंगे। इसके अलावा, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों और मेट्रो सेवाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। अस्पताल, मेट्रो, एयरपोर्ट और अन्य आवश्यक सेवाओं को डीजल जनरेटर संबंधी प्रतिबंधों से छूट रहेगी। अन्य स्थानों पर गैस, बायोगैस और एलपीजी से चलने वाले जनरेटर के इस्तेमाल को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यालयों के समय में बदलाव, पार्किंग महंगी
ग्रेप-2 लागू होने से आम लोगों की दिनचर्या और खर्च पर भी असर पड़ सकता है। दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में सरकारी तथा नगर निगम के कार्यालयों के समय में बदलाव किया जा सकता है। केंद्र सरकार भी अपने कार्यालयों के समय में परिवर्तन पर निर्णय ले सकती है। निजी वाहनों के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने के लिए अधिकृत पार्किंग स्थलों पर शुल्क बढ़ाने का कदम उठाया जा रहा है। हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की पार्किंग सुविधाओं को इससे अलग रखा गया है। सर्दियों में खुले में लकड़ी और कचरा जलाने से रोकने के लिए आरडब्ल्यूए को सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मचारियों और मालियों के लिए बिजली कनेक्शन सहित इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिक भी निभाएं जिम्मेदारी
सीएक्यूएम ने नागरिकों से प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की है। वाहन चालकों को पीयूसी प्रमाणपत्र अपडेट रखने, लालबत्ती पर इंजन बंद करने और सार्वजनिक परिवहन या कारपूलिंग अपनाने की सलाह दी गई है। घरों और खुले स्थानों पर कचरा तथा पत्तियां जलाने से बचने, निर्माण से उड़ने वाली धूल नियंत्रित करने और पटाखों से दूरी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की शिकायत 311, ग्रीन दिल्ली और समीर एप के माध्यम से की जा सकती है।
स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें
विशेषज्ञों के मुताबिक, एक्यूआई 300 से ऊपर रहने पर लंबे समय तक बाहर रहना बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में सुबह-शाम बाहरी गतिविधियां सीमित रखने और बाहर निकलते समय उपयुक्त मास्क पहनने की सलाह दी गई है। संबंधित विभागों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जहांगीरपुरी में एक्यूआई 428
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जहांगीरपुरी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 428 दर्ज किया गया। वहीं, रोहिणी में यह 396 रहा। कई अन्य इलाकों में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए दिल्ली सरकार और यातायात पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है।
कहां कितना एक्यूआई?
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में एक्यूआई 375, विवेक विहार में 370, नरेला में 363 और चांदनी चौक में 358 दर्ज किया गया। अक्षरधाम और आईटीओ में यह 349-349, जेएनयू स्टेडियम में 343 तथा इंडिया गेट और जनपथ के आसपास 335 रहा। वहीं, बुराड़ी में एक्यूआई 308, आया नगर में 276, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 263 और आनंद विहार में 242 दर्ज किया गया।
पीयूसी उल्लंघन पर 566 चालान
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के अनुसार, एक नवंबर को दिल्ली में 14,930 वाहनों की जांच की गई। प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 566 चालान किए गए। इसके अलावा 300 निर्माण स्थलों का निरीक्षण भी किया गया।
714 वाहन दिल्ली की सीमा से लौटाए
दिल्ली यातायात पुलिस ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तहत लागू प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक नवंबर को विशेष अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक, रात 12 बजे से रात आठ बजे तक 7,279 वाहनों की जांच की गई। इनमें से 714 वाहनों को दिल्ली की सीमा से वापस भेज दिया गया, जबकि 38 वाहन जब्त किए गए और 10 के चालान किए गए। प्रतिबंधों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए यातायात पुलिस ने पड़ोसी जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। दिल्ली की सीमाओं पर सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया और रेडियो के माध्यम से भी लोगों को नियमों की जानकारी दी जा रही है।