जान पर खेलकर यात्री को बचाया: प्लेटफार्म पर घिसट रहा था ट्रेन में सवार यात्री, RPF जवान ने दौड़कर बचाई जान
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 12 मई का बताया जा रहा है। इसमें बनारस से चलकर नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच के गेट पर बैठा यात्री ट्रेन के हापुड़ रेलवे स्टेशन से चलते ही बेहोशी की हालत में हो गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में ट्रेन में गेट पर बैठे यात्री के पैर बेहोशी की हालत में प्लेटफार्म पर घिसट रहे थे। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर तैनात आरपीएफ कर्मी ने जान की बाजी लगाकर यात्री को ट्रेन के कोच में वापस भेजा। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग आरपीएफ जवान की प्रशंसा कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 12 मई का बताया जा रहा है। इसमें बनारस से चलकर नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच के गेट पर बैठा यात्री ट्रेन के हापुड़ रेलवे स्टेशन से चलते ही बेहोशी की हालत में हो गया और उसके पैर कोच से बाहर निकलकर प्लेटफार्म पर घिसटने लगे।
तभी रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के हेड कांस्टेबल आर्येंद्र कुमार की नजर यात्री पर पड़ी। जिसके बाद आरपीएफ जवान ने चलती ट्रेन के साथ भागते हुए युवक की बेल्ट को पकड़कर उसे खींचते हुए कोच के अंदर कर यात्री की जान बचाई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हेड कांस्टेबल की तत्परता की जमकर तारीफ की जा रही है। आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि आरपीएफ जवान की सर्तकता से यात्री को कोई चोट नहीं आई है। आरपीएफ द्वारा अभियान चलाकर समय-समय पर लोगों को सुरक्षा को लेकर जागरूक भी किया जाता है।