{"_id":"6abac38e8de512639604b537","slug":"pregnant-woman-dies-during-childbirth-family-creates-a-ruckus-by-placing-the-body-outside-the-hospital-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-988552-2026-09-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad News: प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत, परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रख किया हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad News: प्रसव के दौरान गर्भवती की मौत, परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रख किया हंगामा
विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार को निजी अस्पताल पहुंची 26 वर्षीय गर्भवती पूजा की हालत ऑपरेशन के दौरान बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के तीसरे दिन सोमवार को परिजन शव लेकर क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्रातर्गत एक अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। हालांकि उन्होंने तहरीर देने से इन्कार कर दिया। मामला संज्ञान में आने पर स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि जनपद संभल के खादर निवासी नेमपाल सिंह के मुताबिक वह हैवतपुर में रहकर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके दो बच्चे हैं। पत्नी पूजा तीसरी बार गर्भवती थीं, शनिवार को प्रसव पीड़ा हुई तो नेमपाल उन्हें तिगरी गोल चक्कर के पास स्थित एक अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में पूजा को भर्ती कर लिया गया। आरोप है कि चिकित्सकों ने परिजनों को पूरी जानकारी दिए बगैर ही सिजेरियन ऑपरेशन शुरू कर दिया। इसी दौरान पूजा की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे गंभीर स्थिति में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। नेमपाल के बड़े भाई तोताराम ने आरोप लगाया कि शनिवार को ही सफदरजंग अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बताया कि पूजा की रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। पुलिस की रिपोर्ट संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को परिजनों को शव मिला। इसके बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर तिगरी गोल चक्कर के पास स्थित अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि पूजा की मौत के बाद प्रबंधन अस्पताल का ताला लगाकर मौके से चला गया। परिजनों ने शव अस्पताल के बाहर रखकर आरोपी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। हालांकि परिजनों ने तहरीर देने से अभी इन्कार किया है। देर शाम परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन
......
अस्पताल के पंजीकरण और लापरवाही की होगी जांच
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अस्पताल के पंजीकरण और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
......
वर्जन....
मृतका के परिजनों से बगैर बताए ऑपरेशन शुरू करने और उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। फिलहाल परिजन शव लेकर रवाना हो गए हैं। उन्होंने एक-दो दिन में तहरीर देने की बात कही है।
-प्र प्रियाश्री पाल, एसीपी वेव सिटी।