जानलेवा मोहब्बत: स्कूटी पर घर जा रहे आसिफ की गोली मारकर हत्या, दूसरी बेगम ने दोस्तों से करवाया दिनदहाड़े मर्डर
सूचना पर पहुंची मसूरी थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आसिफ को डासना स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही आसिफ के परिजन और अन्य लोग अस्पताल में पहुंचे। जहां उन्होंने आसिफ की दूसरी पत्नी और उसके दोस्त पर हत्या की आशंका जताकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद स्थित मसूरी थाना क्षेत्र में मयूर विहार सिकरोड़ा रेलवे फाटक के नजदीक स्कूटी सवार आसिफ उर्फ गुल्लू की मंगलवार की देर शाम तीन बदमाशों ने एक के बाद एक दो गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी तमंचे लहराते हुए भाग गए। डासना अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने युवक की दूसरी पत्नी और उसके दोस्त पर हत्या का शक जताकर गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
स्कूटी से लौट रहा था घर
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि डासना के मौहल्ला बड़ा बाजार में रहने वाले आसिफ (34) निर्माणाधीन मकानों का लेंटर का जाल बांधने का काम करते थे। बुधवार की शाम करीब आठ बजे वह स्कूटी से अपने डासना स्थित अपने घर लौट रहे थे। जब वह मसूरी थाना क्षेत्र के मयूर विहार स्थित सिकरोडा रेलवे फाटक के नजदीक पहुंचे तो तीन युवक आसिफ के पास पहुंचे और तमंचे से गोली चला दी। एक गोली आसिफ के सिर को छूती हुई निकल गई। जबकि दूसरी गोली आसिफ के कनपटे और मुंह के बीच जा धंसी। गोली लगते ही आसिफ ने स्कूटी से लड़खड़ाकर गिर गए। जबकि तीनों आरोपी तमंचे लहराते हुए मौके से भाग गए।
दूसरी पत्नी की गिरफ्तारी की मांग
सूचना पर पहुंची मसूरी थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आसिफ को डासना स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही आसिफ के परिजन और अन्य लोग अस्पताल में पहुंचे। जहां उन्होंने आसिफ की दूसरी पत्नी और उसके दोस्त पर हत्या की आशंका जताकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की। एसीपी ने बताया कि लोगों को हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत कर शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
पहली से निकाह तो दूसरी पत्नी से किया था लव मैरिज
एसीपी लिपी नगायच ने बताया कि पूछताछ में परिजनों ने बताया कि आसिफ की दो पत्नियां हैं। एक पत्नी ने आसिफ ने निकाह किया था जो उसके साथ बड़ा बाजार डसना में रहती है। जबकि दूसरी पत्नी से आसिफ ने लव मैरिज किया था और उसे किराये के मकान में रफीकाबाद थाना वेव सिटी क्षेत्र में रहता था। दूसरी पत्नी ने एक बेटा भी है। परिजनों का आरोप है कि आसिफ की पत्नी ने साजिश रचकर अपने दोस्त और उसके साथियों से आसिफ की हत्या कराई है। अवैध संबंधों को लेकर आसिफ और उसकी पत्नी में पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी है।
ड्रग्स तस्करी के आरोप में जेल गया था आसिफ
पुलिस के अनुसार आसिफ मादक पदार्थों की तस्करी में मसूरी व बाहरी जनपदों के थानों से जेल जा चुका है। एक वर्ष पूर्व ही मसूरी थाना पुलिस ने ड्रग्स की तस्करी में आसिफ को जेल भेजा था। आसिफ के खिलाफ अलग-अलग थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। सात माह पूर्व ही आसिफ जेल से छूटा था।
पुलिस का बयान
आसिफ उर्फ गुल्लू को दो गोली मारी गई हैं, पूछताछ में परिजनों ने उसकी दूसरी पत्नी और उसके दोस्त व सहयोगियों पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला सहित कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा। मृतक के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। -सुरेंद्र नाथ तिवारी, डीसीपी ग्रामीण।