गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित पंचशील प्रिमरोज सोसाइटी में सोमवार दोपहर एक बड़ा लिफ्ट हादसा होने से बाल-बाल बच गया। टावर-10 में सामान शिफ्टिंग के दौरान लिफ्ट के दरवाजे उखड़ गए। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त लिफ्ट के भीतर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद से सोसाइटी के निवासियों में डर का माहौल है।
सोसायटी के निवासी ने बताया कि सोमवार दोपहर लगभग एक बजे टावर-10 के फ्लैट संख्या 508 में रहने वाले अपना कुछ सामान लिफ्ट के जरिये ऊपर ले जा रहे थे। पांचवीं मंजिल पर पहुंचने के बाद वह अकेले ही सामान उतारने लगे। सामान उतारने में समय ज्यादा न लगे और लिफ्ट का दरवाजा बार-बार बंद न हो, इसके लिए उन्होंने दरवाजे के बीच में कोई भारी वस्तु (समान) रख दी। सामान उतारने के दौरान ही लिफ्ट का ऑटोमैटिक सेंसर फेल हो गया और दरवाजे जबरन बंद होने लगे। इससे पहले कि निवासी कुछ समझ पाते, लिफ्ट अचानक नीचे की तरफ चल पड़ी। दरवाजे के बीच में सामान फंसे होने के कारण भयंकर दबाव बना और तेज आवाज के साथ लिफ्ट के दरवाजे उखड़ कर बाहर आ गए।