गाजियाबाद। पान मसाला, गुटखा, आयरन और रेडीमेड गारमेंट में जीएसटी चोरी के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। बीते दिनों सीजीएसटी की टीम ने साहिबाबाद स्थित ट्रांसपोर्टर के तीन कार्यालयों पर छापेमारी कर आठ करोड़ से ज्यादा की जीएसटी चोरी का पान मसाला, गुटखा व अन्य तंबाकू उत्पाद पकड़े थे। राज्यकर विभाग की टीम ने भी दिसंबर माह में 104 वाहनाें में इन श्रेणी के उत्पादों में चोरी पकड़ी है। इनसे टैक्स व जुर्माने के रूप में 1.66 करोड़ की रकम जमा कराई है। राज्यकर विभाग के जोन-दो के अपर आयुक्त दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि संवेदनशील श्रेणी में आने वाले पान मसाला, गुटखा, तंबाकू उत्पाद, रेडीमेड गारमेंट, आयरन स्टील और फुटवेयर लाने-लेजाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी की जा रही है। दिसंबर महीने में पान मसाला के पांच, आयरन स्टील के 52, रेडीमेड गारमेंट के 21, फुटवेयर के 19 और तंबाकू के सात ट्रकों में चोरी पाई गई है। इन 104 ट्रकों में 5.58 करोड़ का माल जीएसटी चोरी करके ले जाया जा रहा था। सचल दलों ने चेकिंग के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर मोहननगर जांच केंद्र में लाकर इन वाहनों की जांच की तो जीएसटी चोरी का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि इनमें से सबसे ज्यादा 92.66 लाख रुपये आयरन स्टील के ट्रकों में पकड़े गए माल से जीएसटी और जुर्माने के रूप में जमा कराए गए। फुटवेयर से 22.60 लाख रुपये, पान मसाला से 23.30 लाख रुपये, रेडीमेड गारमेंट से 19.18 लाख रुपये जमा कराए गए। उन्होंने बताया कि बुलंदशहर और गाजियाबाद के सचल दलों के अधिकारियों को टैक्स चोरी करने वाले संभावित वाहनों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।