तालिबानी स्टाइल में रील ने पहुंचाया जेल: गले में रायफल लटकाकर वीडियो बनाने वाले जिम संचालक समेत पांच गिरफ्तार
डीसीपी ने बताया कि राजा का एक वीडियो और सामने आया है। जिसमें राजा कार में हथियार का प्रदर्शन करते हुए फायरिंग करता नजर आया है। इस वीडियो का भी संज्ञान लेकर उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विस्तार
डीसीपी ट्रांस हिंडन डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी महरौली निवासी राजा चौधरी, आकाश सिरोही, न्यू पंचवटी कॉलोनी निवासी रोहित सेठी, कन्नौज निवासी संतोष ठाकुर, इटावा निवासी अरुण चौहान हैं। राजा जिम संचालक है। अरुण और संतोष वीआईपी सिक्योरिटी कंपनी के गार्ड हैं, जबकि राजा का दोस्त रोहित कपड़ा कारोबारी और आकाश बीबीए का छात्र है।
डीसीपी ने बताया कि पांच फरवरी को सोशल मीडिया पर इनका वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें राजा दोनों गार्ड की लाइसेंसी रायफल को गले में डालकर अवैध तरीके से प्रदर्शन कर रहा था। इनके खिलाफ 147, 148 समेत 34 और 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की कार्रवाई भी की गई है।
राजा का कार में फायरिंग करने का भी वीडियो आया था सामने
डीसीपी ने बताया कि राजा का एक वीडियो और सामने आया है। जिसमें राजा कार में हथियार का प्रदर्शन करते हुए फायरिंग करता नजर आया है। इस वीडियो का भी संज्ञान लेकर उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।...और अब हाईवे पर लहराई पिस्टल
सोमवार को एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। 13 सेकंड के वीडियो में युवक ब्रेजा कार के बोनट से उतरते हुए अंटी से पिस्टल निकालकर लहराते हुए नजर आ रहा है। वीडियो विजयनगर क्षेत्र के एनएच-9 का बताया जा रहा है। एसीपी नगर अंशु जैन ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
