Ghaziabad News: महिलाओं के साथ थम नहीं रहे अपराध, कहीं छेड़छाड़ तो कहीं लूट की वारदात
गाजियाबाद कमिश्नरेट बन जाने के बाद भी महिलाओं के साथ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सबसे ज्यादा वारदात बाइकर्स गैंग कर रहा है, जो रोज कहीं चेन तो कहीं मोबाइल फोन लूट रहा है।
विस्तार
गाजियाबाद कमिश्नरेट बन जाने के बाद भी महिलाओं के साथ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सबसे ज्यादा वारदात बाइकर्स गैंग कर रहा है, जो रोज कहीं चेन तो कहीं मोबाइल फोन लूट रहा है। मनचले भी बाज नहीं आ रहे हैं। रोज कहीं न कहीं छेड़छाड़ की वारदात हो रही है। उनकी हरकतों से कई जगह तो छात्राएं घर में कैद होने पर मजबूर हो गई हैं। टप्पेबाजों का गिरोह भी महिलाओं को निशाना बना रहा है। पुलिस टप्पेबाजों को पकड़ नहीं पा रही है। लुटेरों, मनचलों और टप्पेबाजों ने कुछ और वारदात पुलिस को चुनौती दी है।
दिनदहाड़े चेन लूटकर आराम से भाग गए बदमाश
साहिबाबाद के रामप्रस्थ कालोनी में रविवार दोपहर चेन लूटकर बदमाश आराम से भाग गए। वारदात के दौरान के सीसीटीवी फुटेज मिलने पर भी पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई है। घटना बुजुर्ग महिला लीला के साथ हुई। वह पती प्रकाश जैन के साथ स्कूटी से जा रहीं थीं। बेटे विपिन जैन ने बताया कि मां और पिता एक रिश्तेदार के घर गए थे। डी-ब्लॉक में काले रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाश अचानक पिता की स्कूटी के सामने तेज गति में निकलकर कुछ दूर खड़े हो गए। बदमाशों ने पिता की कमर में और मां लीला के मुंह में पिस्टल लगा दी।
इसके बाद दोनों को गोली मारने की धमकी देकर मां के गले से सोने की चेन खींच ली। पिता ने विरोध किया तो एक बदमाश ने स्कूटी की चाबी निकाली और दूसरे ने दोनों को स्कूटी समेत सड़क किनारे धक्का दे दिया। इससे दोनों गिरकर चोटिल हो गए। दिनदहाड़े लूट कर बदमाश सेंट्रल मार्केट की तरफ भाग गए। इसके बाद पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एक बदमाश ने हेलमेट तो दूसरे बदमाश ने मास्क व रुमाल बांधा रखा था। लिंक रोड पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया है। विपिन का कहना है कि घटना के दौरान पिता ने शोर मचाया। लोग सुनकर घरों से बाहर तो निकले लेकिन बदमाशों के हाथ में पिस्टल देखकर डर गए। एसीपी भास्कर वर्मा का कहना है कि घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे हैं। लिंक रोड पुलिस को जल्द से जल्द लुटेरों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं।
साहिबाबाद के राजेंद्र नगर में ईएसआईसी अस्पताल के पास सोमवार दोपहर दो टप्पेबाज राजबाग निवासी सरिता को नीले कपड़े में कागज की गड्डी पर 500 का नोट लगाकर और रुमाल में 10 का सिक्का देकर कानों के कुंडल व मंगलसूत्र उतरवाकर फरार हो गए। टप्पेबाजों ने लैपटॉप खो जाने की बाद कहकर उनसे मदद मांगी थी। दूसरी तरफ, शहीद नगर में गिरीश प्रजापति की मां को नशीला पदार्थ सुंघाकर उनसे सोने की चेन, अंगूठी व पांच हजार रुपये ठग कर फरार हो गए। साहिबाबाद थाना पुलिस दोनों मामले में जांच कर रही है।
राजबाग में रवि शंकर कपड़े सिलाई की दुकान करते हैं। सोमवार दोपहर पौने दो बजे उनकी पत्नी सरिता पैदल ही घर से दुकान जा रही थीं। राजेंद्र नगर में ईएसआईसी अस्पताल के पास दो टप्पेबाजों ने उन्हें रोक लिया। उनसे कहा कि आंटी, हम दोनों बैंक में काम करते हैं। हमारा लैपटॉप कहीं गिर गया है। मालिक ने दोनों को पीटकर भगा दिया है। वह हमें बैंक खाते से पैसे भी नहीं निकालने दे रहा है। आप हमें मदद में अपने मंगलसूत्र और कानों के कुंडल दे देंगी तो उन्हें बेचकर हम मालिक को लैपटॉप के पैसे दे देंगे। फिर बैंक खाते से पैसे निकालकर आपके गहने वापस ले आएंगे।
आरोप है कि दोनों टप्पेबाज उनके गहने लेकर चले गए। कुछ देर बाद नीले रंग के कपड़े में कागज की गड्डी पर 500 का असली नोट लगाकर और रुमाल में 10 का सिक्का बांधकर उन्हें देते हुए कहा कि आंटी इसमें रुमाल में आपके कानों के कुंडल है और ये पैसे आपकी मदद करने के लिए दिए हैं। मंगलसूत्र आपको दुकान पर ले जाकर दे देंगे। आरोप है कि दोनों टप्पेबाज उन्हें जबरदस्ती ई-रिक्शा में बैठाकर फरार हो गए। सरिता ने गड्डी और रुमाल खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। वह बेसुध होकर सड़क पर गिर गईं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। शहीद नगर निवासी गिरीश प्रजापति ने बताया कि उनकी मां रविवार रात नौ बजे किसी काम से बाजार गई हुई थीं। वहां उन्हें तीन लोगों ने पता पूछने के बहाने रोक लिया।
इस दौरान बदमाशों ने मां को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेसुध कर दिया। इसके बाद मां के हाथ से सोने की अंगूठी और चेन के अलावा पांच हजार रुपये व नकदी लेकर फरार हो गए। उन्होंने साहिबाबाद थाने में मुकदमा कराया है। एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि दोनों मामलों में टप्पेेबाजों का सुराग पता लगाने के लिए घटनास्थल पर सीसीटीवी चेक कर रहे हैं।
हिस्ट्रीशीटर के डर से छात्रा ने कॉलेज जाना किया बंद
हिस्ट्रीशीटर से परेशान होकर छात्रा ने डरकर कॉलेज जाना बंद कर दिया है। कॉलेज आते-जाते समय मनचला छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करता था। विरोध करने पर उसने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर निशांत कौशिक उर्फ देशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। छात्रा नगर के एक पीजी कॉलेज में पढ़ती है। छात्रा का कहना है कि जब मनचला हद पार करने लगा तो उसने विरोध किया। इसके बाद वह मोबाइल नंबर बदल-बदल कर अश्लील मेसेज और वीडियो भेजने लगा। छात्रा ने मनचले की करतूत परिजनों को बताई। परिजनों ने आरोपी का पता लगाया ता वह हिस्ट्रीशीटर निकला। हिस्ट्रशीटर के डर के कारण छात्रा ने कॉलेज जाना बंद कर दिया। एसीपी रितेश त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
जन्मदिन पार्टी से लौट रही युवती से छेड़छाड़
नंदग्राम क्षेत्र निवासी एक युवती को घर में खींचकर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। घटना उस समय की है जब वह अपनी सहेली की जन्मदिन पार्टी से घर लौट रही थी। आरोप है कि पड़ोसी गांव सद्दीकनगर निवासी मुकुल उन्हें खींचकर अपने घर ले गया। जहां वह उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। शोर मचाने पर लोगों के आने पर वह फरार हो गया। युवती का कहना है कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर लौट रही थी। रास्ते में वाटर प्लांट के पास पहुंची तो सद्दीकनगर सिहानी निवासी मुकुल ने उन्हें रोक लिया और खींचकर अपने घर में ले गया वहां वह छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर उसने उनके शरीर पर दांत से काट लिया। मामले में उन्होंने मुकुल के खिलाफ नंदग्राम थाने में केस दर्ज कराया है। एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शादी नहीं करने पर युवती को दी धमकी
मोदीनगर के निवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी युवती पर उसकी भाभी का मौसेरा भाई जबरन शादी का दबाव बना रहा है। इन्कार करने पर आरोपी ने युवती के फोटो पर अशोभनीय टिप्पणी लिखकर अपने स्टेटस पर लगाकर वायरल कर दिया। आरोपी शादी न करने पर युवती को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज ली है। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसके भाई की करीब तीन वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उसके पिता हृदय रोग से पीड़ित हैं। भाभी का मौसेरा भाई उनके यहां काफी आता जाता था। उसके पास सभी के मोबाइल नंबर हैं। आरोप है कि भाई की मौत के बाद भाभी का मौसेरा भाई उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा और उसे अश्लील फोटो और मेसेज भेजने लगा। एसीपी मोदीनगर रितेश त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म
मुरादनगर में शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एक कॉलोनी निवासी युवती की शादी छह साल पहले हुई थी। पति से मनमुटाव के कारण वह अपने माता-पिता के पास आकर रहने लगी। इसी बीच उसकी मुलाकात गुलधर निवासी एक युवक से हुई। आरोप है कि युवक ने महिला से शादी करने की बात कही, इसके बाद से युवक लगातार महिला के साथ दुष्कर्म करता आ रहा। महिला ने शादी करने को कहा तो आरोपी उसकी बात को टाल देता। महिला का आरोप है कि अब युवक शादी न कर उसे धोखा दे रहा है। महिला ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।