Ghaziabad By Election: सदर के 4.61 लाख वोटर कल चुनेंगे विधायक, बंद रहेंगे शराब के ठेके, सार्वजनिक अवकाश घोषित
मतदान के लिए चार जोनल मजिस्ट्रेट और 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डीएम ने सभी से वोट डालने की अपील की है। मतदान के दिन अवकाश घोषित किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सदर विधानसभा क्षेत्र के 4,61,644 मतदाता बुधवार को 14 उम्मीदवारों में से अपना विधायक चुनेंगे। उप चुनाव के लिए बनाए गए 119 मतदान केंद्रों के 507 मतदेय स्थलों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो जाएगा और शाम के पांच बजे तक चलेगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शांतिपूर्वक और सुविधाजनक मतदान कराने के लिए 2600 मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं। ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय में पिंक बूथ और छबीलदास स्कूल में दिव्यांग बूथ बनाया गया है। मतदान के लिए चार जोनल मजिस्ट्रेट और 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डीएम ने सभी से वोट डालने की अपील की है। मतदान के दिन अवकाश घोषित किया गया है। शराब के ठेके बंद रहेंगे।
14 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला
10 उम्मीदवार राजनीतिक दलों से हैं। इनमें भाजपा से संजीव शर्मा, सपा से सिंहराज जाटव, बसपा से पीएन गर्ग, एआइएमआइएम से रवि गौतम, आजाद समाज पार्टी से सत्यपाल चौधरी, हिंदुस्थान निर्माण दल से पूनम चौधरी, राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी (सत्य) से धर्मेंद्र सिंह, सम्राट मिहिर भोज समाज पार्टी से पवन, राष्ट्रीय बहुजन कांग्रेस पार्टी से गयादीन अहिरवाल, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी से रवि कुमार पांचाल हैं। चार निर्दलीय उम्मीदवारों में विनय कुमार शर्मा, मिथुन जायसवाल, रुपेश चंद्र और शमशेर राणा हैं। सदर सीट लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई थी। यहां से भाजपा विधायक अतुल गर्ग सांसद बन गए थे।
फोटो पहचान पत्र दिखाना होगा
आधार कार्ड, पैन कार्ड, दिव्यांग यूनिक कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन दस्तावेज फोटो सहित, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पासबुक, प्राइवेट कंपनियों के आईकार्ड सहित 14 प्रकार के फोटो पहचान पत्र दिखाकर आप मतदान कर सकते हैं।
मतदान के दौरान दिव्यांगों की सुविधा के लिए सभी 119 मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। व्हीलचेयर के साथ स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहेगा। इसके अलावा सभी अस्पतालों, पीएचसी और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भी व्यवस्था चाकचौबंद रखी गई है। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि दिव्यांगों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर के साथ स्वास्थ्य कर्मी की ड्यूटी रहेगी। शहर सीट पर कुल 2388 दिव्यांग मतदाता है। इनमें 1427 पुरुष और 962 महिलाएं हैं। 85 वर्ष से अधिक मतदाताओं की संख्या 1324 है। उनकी सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 20 व्हीलचेयर रिजर्व रखी गई है जरूरत पड़ने पर इनको केंद्रों पर भिजवाया जाएगा।
मतदाता
पुरुष 254159
महिला 207456
थर्ड जेंडर 29
प्रवासी 240
बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां
गाजियाबाद। कमला नेहरूनगर मैदान से मतदान के लिए मंगलवार को मतदान पार्टियां रवाना हुईं। सुबह सात बजे से अधिकारी और कर्मचारी पहुंचने लगे। पोलिंग पार्टियों को ईवीएम, वीपीपैट और मतदान सामग्री देकर दोपहर से शाम तक बसों से रवाना किया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सभी पार्टियां दोपहर तक बूथों पर पहुंच गईं।