वीडियो: मां से बोला बेटा- टहलकर लौटूंगा, फिर खाना खाऊंगा; डेढ़ घंटे खेत में घायल पड़ा रहा गौरव, दर्दनाक मौत
गाजियाबाद के हुसैनपुर-रेवड़ा रेवड़ी मार्ग पर बुधवार रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 19 वर्षीय बीटेक छात्र गौरव त्यागी की मौत हो गई। हादसे के बाद वह करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे खेत में पड़ा रहा। गौरव दो बार एनडीए की परीक्षा पास कर चुका था। पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है।
विस्तार
यूपी के हुसैनपुर-रेवड़ा रेवड़ी गांव मार्ग पर बुधवार रात तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से टहलने निकले बीटेक छात्र गौरव त्यागी (19) कि मौत हो गई। हादसे के बाद छात्र करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे खेत में पड़ा रहा। पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
टहलकर आने के बाद खाने की बात कहकर गया था गौरव
हुसैनपुर गांव निवासी जयदीप त्यागी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उनका बेटा गौरव त्यागी आरकेजीआईटी कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। बुधवार रात करीब 8:20 बजे गौरव अपनी मां बबीता से टहलकर आने और उसके बाद खाना खाने की बात कहकर घर से निकला था हुसैनपुर-रेवड़ा रेवड़ी मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल गौरव सड़क किनारे खेत में पड़ा रहा।
डेढ़ घंटे खेत में पड़ा रहा गौरव
करीब डेढ़ घंटे बाद दूसरे गांव के कुछ लोगों ने खेत में युवक के पड़े होने की सूचना हुसैनपुर गांव में दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे मोदीनगर के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि मृतक के भाई अभिषेक की तहरीर पर डंपर चालक अरमान निवासी खैराजपुर गांव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस डंपर को जब्त कर लिया गया है। चालक अरमान निवासी खैराजपुर गांव को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
दो बार पास की थी एनडीए की परीक्षा
परिजनों के अनुसार गौरव पढ़ाई में होनहार था। वह दो बार एनडीए की परीक्षा पास कर चुका था, लेकिन इंटरव्यू में सफल नहीं हो सका। वह बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मां बबीता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें इस बात का गहरा सदमा है कि बेटा घर से टहलकर लौटने और खाना खाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं आया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
