भारत-पाकिस्तान मुकाबला: कोलंबो में टीम इंडिया की जीत, गाजियाबाद में जश्न; आतिशबाजी और ढोल बजे
कोलंबो के आर. प्रेमदासा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराया। राजनगर आरडीसी समेत कई सोसाइटियों में बड़ी स्क्रीन पर मैच देखा गया। जीत के बाद लोगों ने आतिशबाजी, ढोल और गुलाल के साथ जश्न मनाया।
विस्तार
श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे टी20 विश्व कप के लीग मैच में रविवार को भारत ने पाकिस्तान को मात देकर क्रिकेट प्रेमियों के दिल जीत लिए। शाम सात बजे से ही लोग अपने अपने घरों में टीवी स्क्रीन से चिपक कर बैठे रहे। राजनगर आरडीसी में लोगों ने बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच का लुत्फ उठाया।
राजनगर एक्सटेंशन की गौड़ होम्स सोसायटी, रिवर हाइट्स सोसायटी व अन्य सोसाइटियों में क्रिकेट प्रेमियों ने बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखा। वहीं दफ्तरों में लोग मोबाइल पर मैच देखते नजर आए। आरडीसी में बड़ी स्क्रीन पर मैच देखते समय भारत की बल्लेबाजी के दौरान लग रहे चौके और छक्कों पर दर्शकों ने खूब ताली बजाई और भारत माता की जयकारों से माहौल को देशप्रेम से भर दिया। मैच में जीत के साथ ही आतिशबाजी, ढोल बजाकर और गुलाल लगाकर लोगों ने जश्न मनाया।
राजनगर निवासी पवन ने बताया कि महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करते हुए भोले बाबा से भारत की जीत की मनोकामना की थी, जो पूरी हो गई। राहुल गोयल ने बताया कि पाकिस्तान के साथ मुकाबला बहुत रोमांचक रहता है और हर बार की जीत बेहद खास होती है।