शरारत की इतनी बड़ी सजा: 10 साल की मासूम ननद ने की शैतानी, भाभी ने गला घोंटकर ले ली जान, ऐसे चला पता
बच्ची की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। जानवी की मौत की सूचना पर राहुल दिल्ली से घर आ गया। रात 11 बजे वह घर पहुंचा और बच्ची को श्मशान में दफना दिया।
विस्तार
बुलंदशहर के पहासू क्षेत्र के करौरा गांव में भाभी ने दस साल की ननद की शरारत से परेशान होकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना 26 जनवरी की शाम की है। परिजनों ने संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या की आशंका जताते हुए बच्ची को दफना दिया था। बच्ची के भाई ने पत्नी से घटना की सही जानकारी उगलवाई। इसके बाद आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पहासू के करौरा गांव निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। नौकरी के चलते वहीं पर रहते हैं। गांव में उनकी मां राजकुमारी देवी, पत्नी मधु और बहन जानवी (10) रहते हैं।
राहुल ने बताया कि 26 जनवरी को उसकी मां राजकुमारी निजी काम से खुर्जा गई थी। घर पर उसकी पत्नी मधु और दस वर्षीय बहन जानवी थे। शाम छह बजे मां खुर्जा से आई तो देखा कि जानवी बिस्तर पर बेसुध पड़ी है।
मां राजकुमारी देवी ने मधु से पूछा तो उसका कहना था कि जानवी कुछ चीज खाकर सो गई। इसके बाद से उठ नहीं रही। मां ने आस-पड़ोस के लोगों को बुला लिया।
वहीं मां राजकुमारी और अन्य रिश्तेदार नजदीक में चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे तो जानवी की सांस नहीं चल रही थी। जानवी को दूसरे चिकित्सक के पास लेकर गए, जिसने उसको मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। जानवी की मौत की सूचना पर राहुल दिल्ली से घर आ गया। रात 11 बजे वह घर पहुंचा और बच्ची को श्मशान में दफना दिया।
ऐसे चला घटना का पता
राहुल का कहना था कि जानवी की मौत का कारण कोई स्पष्ट नहीं बता रहा था। ऐसे में उसको और परिवार के लोगों को मधु पर शक हुआ। जानवी को दफनाने के बाद सभी लोग घर आ गए। रात में राहुल ने मधु को विश्वास दिलाया कि उसको कोई कुछ नहीं कहेगा, यदि वह सच बताएगी।
इस बात पर मधु ने बताया कि शाम को जानवी शरारत कर रही थी। उसने मना किया तो वह झगड़ा करने लगी। इसी दौरान मारपीट में जानवी ने मधु को पकड़ लिया। मधु ने दूर हटाने के लिए पैर झटका तो उसका दुपट्टा जानवी के गले में इलझ गया। इससे दम घुटन से उसकी मौत हो गई। घर से निकाले जाने के डर से उसने सच नहीं बताया।
पुलिस की कार्रवाई से बचने को किया आत्महत्या का नाटक
राहुल ने बताया कि बहन की मौत का कारण उसकी ही पत्नी थी। यह जानकारी 27 जनवरी को उसने अपनी मां राजकुमारी को दी। इसके बाद घर में सभी लोग उसके खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की मांग करने लगे। ऐसे में मधु अंदर कमरे में चली गई और पंखे पर फंदा लटकाकर आत्महत्या का प्रयास करने लगी। काफी मशक्कत के बाद कमरा खुलवाकर उसको बाहर निकलवाया। इसके डर से परिवार के लोगों ने मधु को छतारी थाना क्षेत्र में स्थित नारायणपुर गांव में उसके मायके भेज दिया।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
हाथरस जनप्रतिनिधि की सिफारिश पर दर्ज हुआ मुकदमा
राहुल के बहनोई प्रदीप ने बताया कि पुलिस कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं थी। उसकी बड़ी बहन वृंदावन में साध्वी है। उन्होंने हाथरस के एक जनप्रतिनिधि से संपर्क किया और कार्रवाई में सिफारिश की मांग की। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की।परिवार ने घटना के दौरान पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। बाद में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर महिला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और आत्महत्या के प्रयास में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।- वरुण कुमार, सीओ शिकारपुर
शव को जमीन से निकलवाने के लिए विवेचक जिलाधिकारी से अनुमति लेंगे । इसके बाद ही शव को जमीन से निकलवाया जाएगा।- अरविंद कुमार, एसडीएम शिकारपुर