Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Ghaziabad News ›   A massive fire broke out in two flats on the 8th and 9th floors of JKG Heights; it was brought under control within two hours.

Ghaziabad News: जेकेजी हाइट्स की 8 व 9 वीं मंजिल पर बने दो फ्लैटों में लगी भीषण आग, दो घंटे में पाया काबू

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 20 Nov 2026 12:58 AM IST
विज्ञापन
A massive fire broke out in two flats on the 8th and 9th floors of JKG Heights; it was brought under control within two hours.
जेकेजी हाइट्स में लगी आग के दौरान निकलता धुंआ। अमर उजाला
इंदिरापुरम (गाजियाबाद)। वसुंधरा सेक्टर-18 स्थित जेकेजी हाइट्स सोसायटी की 10 मंजिला इमारत में बृहस्पतिवार दोपहर को आठवीं और नौवीं मंजिल स्थित दो फ्लैटों में भीषण आग लग गई। आठवीं मंजिल से शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों फ्लैटों से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। धुएं का गुबार पूरी इमारत में फैलने से सोसायटी में अफरातफरी मच गई। आग की भयावहता देखकर नौवीं मंजिल और आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग जान बचाने के लिए नीचे की ओर भागे। सूचना पर पहुंचीं दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दोनों फ्लैटों के अंदर रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
विज्ञापन


फायर विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे वैशाली फायर स्टेशन को जेकेजी हाइट्स में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चार फायर टैंकर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि आठवीं मंजिल पर फ्लैट नंबर 801 और नौवीं मंजिल पर फ्लैट नंबर 901 में आग लगी हुई थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से ऊंचाई पर स्थित फ्लैटों तक पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों फ्लैटों की आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।
विज्ञापन

वहीं, एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि फ्लैट नंबर 801 के स्वामी सौरभ पात्रा हैं, जो पत्नी के साथ रहते हैं। दोनों सुबह पूजा कर अपने ऑफिस चले गए। शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि पूजा की ज्योत से ही आग लगी है, जो धीरे-धीरे पहले नीचे की मंजिल में फैली। बाद में यही आग बालकॉनी में आ गई, जिसके बाद नौवीं मंजिल पर बने फ्लैट नंबर 901 के बाहर टंगे कपड़ों ने आग पकड़ ली, जो बाद में अंदर तक फैल गई। यह फ्लैट साइक्लोजिस्ट पारुल कश्यप का है, जो दो बच्चों के साथ वहां मौजूद थीं। आग देखकर वह नीचे भाग गईं। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों, पुलिसकर्मियों व सोसायटी के लोगों ने आसपास के अन्य फ्लैटों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया। लोगों ने आग की भयावहता के वीडियो बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

सोसायटी के पास नहीं है फायर की एनओसी


आग लगने की घटना के बाद सोसायटी में अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोसायटी के पास फायर विभाग की एनओसी नहीं है। ऐसे में इतनी ऊंची इमारत में आग से बचाव के इंतजाम कितने प्रभावी हैं, यह बड़ा सवाल है। लोगों का कहना है कि आवासीय सोसायटी में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन व्यवस्था का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। घटना के बाद फायर विभाग की ओर से सोसायटी में उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों की जांच की मांग उठ रही है। वहीं, लोगों ने कहा कि उन्होंने इसके खिलाफ अदालत में भी शिकायत की हुई है।

लोगों ने जान पर खेलकर पहले आग खुद बुझाने की कोशिश की
आग लगने के बाद दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले सोसायटी के कुछ लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें लगातार तेज होती गईं। आग की भयावहता को देखते हुए लोगों ने पीछे हटना ही उचित समझा। इसके बाद दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि आग बुझाने के पर्याप्त और चालू उपकरण समय पर उपलब्ध होते तो शुरुआती स्तर पर ही आग को फैलने से रोकने में मदद मिल सकती थी।
मौके पर मिले एक्सपायर डेट के अग्निशमन सिलिंडर
घटना के बाद सोसायटी में रखे अग्निशमन उपकरणों की स्थिति पर भी सवाल उठे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौके पर कुछ अग्निशमन सिलिंडर एक्सपायर डेट के मिले। ऐसे में आपात स्थिति में इन उपकरणों की उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऊंची इमारतों में अग्निशमन सिलिंडर और अन्य सुरक्षा उपकरण केवल दिखावे के लिए नहीं होने चाहिए। इनकी नियमित जांच और समय पर रिफलिंग बेहद जरूरी है। घटना के बाद सोसायटी प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी उठ रही है।
ऐसा लगा जैसे पूरी बिल्डिंग में किसी ने धुआं भर दिया हो
निवासी रिशु का कहना है कि आग लगने के बाद कुछ ही देर में पूरी इमारत में धुआं फैल गया था। ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने पूरी बिल्डिंग में धुआं भर दिया हो। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर किस तरफ से बाहर निकलें। धुआं और आग की लपटें देखकर सभी घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए फ्लैटों से बाहर निकलकर नीचे की ओर भागने लगे।

निवासी पुष्पा गाबा का कहना है कि आग इतनी भयावह थी कि कुछ देर के लिए पूरी सोसायटी में दहशत का माहौल बन गया। लोगों को अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही थी। वहीं, लोग अपने सिलिंडर तक नीचे लेकर चले गए, ताकि किसी तरह का ब्लास्ट न हो जाए।

जेकेजी हाइट्स में लगी आग के दौरान निकलता धुंआ। अमर उजाला

जेकेजी हाइट्स में लगी आग के दौरान निकलता धुंआ। अमर उजाला

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed