क्या है करिश्मा की मौत की कहानी?: 22 साल की युवती ने वैंलेटाइन के दिन जहर खाकर दी जान, अब कैसे सच आएगा सामने
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि रविवार सुबह साढ़े 8 बजे अस्पताल से प्राप्त मीमो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद क्षेत्रांतर्गत ग्राम महरौली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय एक युवती की जहरीला पदार्थ खाने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
14 फरवरी को 11 बजे खाया जहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम महरौली निवासी करिश्मा वर्मा पुत्री पवन वर्मा ने 14 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया, युवती की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में चले लम्बे उपचार के बाद भी करिश्मा की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और रविवार 15 फरवरी तड़के करीब 3 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
15 फरवरी को पुलिस को दी गई सूचना
अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे सूचना मिलते ही वेव सिटी पुलिस सर्वोदय अस्पताल पहुंचे, पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि रविवार सुबह साढ़े 8 बजे अस्पताल से प्राप्त मीमो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।