{"_id":"5be0a993bdec2269a7716c4c","slug":"11541450131-ghaziabad-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जहाज पर हादसे में बेटे की मौत की सूचना से परिजन बेहाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जहाज पर हादसे में बेटे की मौत की सूचना से परिजन बेहाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजियाबाद
Updated Tue, 06 Nov 2018 02:05 AM IST
विज्ञापन
सुल्तान
- फोटो : अमर उजाला
साहिबाबाद। वैशाली सेक्टर-5 स्थित कामना सोसायटी निवासी मर्चेंट नेवी कर्मी युवक की अमेरिका में मालवाहक जहाज पर हुए हादसे में मौत की सूचना से परिजन बेहाल है। युवक मुंबई की एक कंपनी के माध्यम से अमेरिका गया था। कंपनी के दो कर्मचारियों ने शनिवार को घर पहुंचकर हादसे में युवक की मौत की सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि उन्हें बेटे के साथ हुए हादसे की सही जानकारी नहीं मिल रही और न ही शव मिला है। उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाई है।
विज्ञापन
कामना सोसायटी में वहीद परिवार के साथ रहते हैं। उनकी वैशाली में ही कास्मेटिक की दुकान है। उनके तीन लड़के और दो लड़कियां हैं। छोटे बेटे डीयू छात्र परवेज अहमद ने बताया कि उनका बड़ा भाई सुल्तान अहमद (28) मुंबई की एक कंपनी के माध्यम से 2015 में मर्चेंट नेवी में भर्ती हुआ था। वह 28 सितंबर 2018 को 6 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटा था। वर्तमान में उसकी अमेरिका के बोस्टन में एक शिप में पोस्टिंग थी।
विज्ञापन
बीते शनिवार को मुंबई की कंपनी के दो कर्मी घर पहुंचे और बताया कि शिप के निचले हिस्से में हादसा हुआ है। इसमें सुल्तान सहित कई लोग दब गए थे। सुल्तान की मौत हो गई है। भाई परवेज का कहना है कि शनिवार के बाद से वह लगातार मुंबई स्थित कंपनी अधिकारियों के संपर्क में हैं। कंपनी अधिकारी कभी शव न मिलने की बात कहते हैं तो कभी सुल्तान की मौत होने की बात कहते हैं। परिजनों का आरोप है कि वह चाह कर भी सीधे यूएसए स्थित उस शिप के कैप्टन से बात नहीं कर पा रहे। परिजनों ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि अगर उनके भाई के साथ हादसा हुआ है तो मामले की विदेश मंत्रालय की ओर से जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
सुल्तान के भरोसे परिवार
परवेज ने बताया कि उनके पिता साप्ताहिक बाजार में कास्मेटिक की दुकान लगाते हैं। वह दो अन्य भाई-बहन के साथ पढ़ाई करते हैं। वैशाली में किराये के मकान पर रहते हैं। भाई ही घर के इकलौते कमाने वाले थे।
परिजनों को अनहोनी की आशंका
परिजनों का आरोप है कि मुंबई कंपनी के अधिकारी हर बार कोई नया बहाना बनाते हैं। इतना ही नहीं कंपनी के अधिकारी उन पर पोस्टमार्टम भी न कराने का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में परिजनों को शक है कि अमेरिका में शिप में सुल्तान के साथ कोई ऐसे अनहोनी हुई है जो हत्या की ओर इशारा कर रही है।