गाजियाबादः संदिग्ध हालत में कमरे में मिला महिला का शव, एक खत ने खोला सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद के साहिबाबाद की शिप्रा सन सिटी सोसायटी में सोमवार रात एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए इंदिरापुरम थाने में शिकायत दी। पुलिस ने हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति और ससुर से पूछताछ कर रही है।
वीपी सिंह नोएडा के केंद्रीय विहार सोसायटी में परिवार के साथ रहते हैं। वह कृषि विभाग के डायरेक्टर पद से रिटायर्ड हैं। उन्होंने अपनी बेटी दिव्या सिंह (34) की शादी 2009 में शिप्रा सन सिटी निवासी शैलेंद्र से की थी। शैलेंद्र एक निजी कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट हैं। उनका एक साल का बेटा भी है।
वीपी सिंह ने बताया कि ससुराल वालों का बेटी के प्रति व्यवहार ठीक नहीं था। वह उत्पीड़न करते थे। गुजरात में बैंक पीओ की नौकरी छुड़वा दी। यहां भी नौकरी की तो फिर छुड़वा दी। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को दिव्या के ससुराल वालों ने फोन कर कमरे में बंद होने की जानकारी दी।
जब वह घर पहुंचे तो बेटी का शव बेड पर पड़ा हुआ था और गले में चुन्नी से लगा फंदा पंखे से बंधा था। सूचना पुलिस पहुंची तो मौके पर सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए इंदिरापुरम थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने सास, ससुर, पति और ननद पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर पति और ससुर से पूछताछ शुरू कर दी है।
दरवाजा तोड़कर शव को उतारा था नीचे
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिजनों ने काफी देर तक गेट बजाया। जब दिव्या ने गेट नहीं खोला तो पास में ही पुलिस विभाग के मेरठ जोन के एक बड़े अधिकारी के यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने गेट तोड़ा। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
सुसाइड नोट में लिखा मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं
पुलिस को जांच में एक अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें लिखा है कि मैं अपनी मर्जी से सुसाइड कर रही हूं। मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है। पापा मैं किसी पर बोझ बनकर नहीं रहना चाहती। बच्चे शाश्वत का ख्याल रखना। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है कि यह सही है या गलत।
देर शाम परिजनों ने किया अंतिम संस्कार
मंगलवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। शाम करीब 5 बजे मायके वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं मृतका के पिता वीपी सिंह का कहना है कि बच्चा शाश्वत अभी ससुराल वालों के पास ही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पति और ससुर से पूछताछ की जा रही है। मौके से सुसाइट नोट मिला है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है। श्लोक कुमार, एसपी सिटी