{"_id":"2df74cba379952afc356c2433959f94d","slug":"gajendra-s-death-bjp-scathing-attack-on-the-aap-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"गजेंद्र की मौत पर AAP पर भाजपा का तीखा हमला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गजेंद्र की मौत पर AAP पर भाजपा का तीखा हमला
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sat, 25 Apr 2015 01:20 AM IST
विज्ञापन
दिल्ली प्रदेश भाजपा ने किसान गजेंद्र की आत्महत्या मामले पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को घेरने का अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने उनसे कई सवाल किए हैं, जबकि विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने न्यायिक जांच की मांग की है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप के अन्य नेताओं की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में सतीश उपाध्याय ने किसान गजेंद्र की आत्महत्या की कवरेज को ड्रामेबाजी और टीआरपी का खेल बताने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की निंदा की।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का एक स्वभाव बन गया है कि पहले अपनी हठधर्मिता दिखाते हैं और फिर मासूम बनकर माफी मांगने का नाटक करते हैं। उन्हें अब इस मसले पर देश की जनता को जवाब देना होगा।
विज्ञापन
उधर, विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि गजेंद्र की मौत पर की जा रही मजिस्ट्रेट जांच केवल एक औपचारिकता मात्र है क्योंकि मजिस्ट्रेट मुख्यमंत्री का मातहत होता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र जांच के लिए न्यायिक जांच जरूरी है। दूसरी ओर उन्होंने मुंडका की एक रैली में किसानों को 20 हजार रुपये एकड़ मुआवजे की घोषणा करने के बावजूद अभी तक एक किसान को भी मुआवजा नहीं मिलने पर चिंता जताई। गुप्ता ने मांग की है कि दिल्ली बगैर किसी देरी के बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का सर्वे शुरू करे।