इंस्पेक्टर के कार की डिक्की में ही किया उनका अपहरण, पिटाई के साथ की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़गांव सेक्टर 29 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र फोगाट के लापता होने की गुत्थी का खुलासा शुक्रवार को हो गया। वह लापता नहीं हुए थे बल्कि बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था। बदमाशों ने उन्हें घायल कर होडल के पास छोड़ दिया और उनकी कार, सरकारी पिस्टल व दो मोबाइल लूट ले गए।
डीसीपी ईस्ट दीपक सहारण के अनुसार, इंस्पेक्टर सुरेंद्र अपनी प्राइवेट कार संख्या एचआर-19 एफ-0222 से डीसीपी कार्यालय के लिए निकले थे। वहां से वह लोगों से मुलाकात कर 12 बजे वापस आ रहे थे। अचानक देखा कि चार संदिग्ध युवक एसीपी कार्यालय के आसपास सुशांतलोक की सर्विस लेन में घूम रहे हैं।
इस पर उन्होंने उनसे पूछताछ की। मामला संदिग्ध होने पर उन्होंने चारों को कार में बैठ कर थाने चलने की बात कही। तीन युवक कार में पीछे बैठ गए और एक आगे। कुछ दूर चलकर उन्होंने थाना प्रभारी पर बंदूक तान कर उन्हें काबू कर लिया और कार की डिक्की में डाल दिया।
पहले बदमाश उनको पाली चौक के पास ले गए। यहां से उनको पलवल रोड पर ले गए। उन्होंने कोसी कलां के एक पेट्रोल पंप पर उनके एटीएम कार्ड का इस्तेमाल करते हुए 13000 रुपये भी निकाल लिए। बदमाशों ने उनसे मारपीट की और उनकी कार व मोबाइल लूट कर उन्हें वहीं फेंक दिया।
मथुरा जिले बार्डर पर स्थित गांव हटाना के कुछ ग्रामीण गांव भिड़की में खेतों की ओर जा रहे थे। उन्होंने इंस्पेक्टर को हाथ पैर बंधे खेतों में पड़े देखा। उन्होंने उनके हाथ पैर खोले।
ग्रामीणों की सूचना पर कोसीकलां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई। इंस्पेक्टर सुरेंद्र फोगटे ने बताया कि बदमाश उनकी कार और पिस्टल लूटकर ले गए। कोलीकलां पुलिस की सूचना पर गुड़गांव पुलिस पहुंची और इंस्पेक्टर को अपने साथ ले गई।