Fire in Delhi: ओखला फेस-1 स्थित इलेक्ट्रॉनिक फैक्टरी में लगी भीषण आग, दमकल की 16 गाड़ियां मौके पर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आग एक इलेक्ट्रॉनिक फैक्टरी में लगी है। फिलहाल इस बात का पता नहीं चल पाया है कि फैक्टरी में आग कैसे लगी है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि आगजनी शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है।
विस्तार
दक्षिण-पूर्व दिल्ली स्थित ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। फैक्टरी में आग कैसे लगी फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस आशंका जता रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब तीन बजे आग पर काबू पाया। जिसके बाद फैक्टरी में सर्च ऑपरेशन किया गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक फैक्टरी करीब 250 गज में बनी हुई है। यहां तीसरी और चौथी मंजिल पर आग लगी थी।
बता दें कि इससे पहले शनिवार को सदर बाजार इलाके में एक दुकान में जोरदार धमाका हुआ था। धमाका इतना जबरदस्त था कि दुकान का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया था। हादसे में एक दुकानदार की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हैं। शुरुआत में दुकान में एलपीजी सिलिंडर फटने की बात कही जा रही थी लेकिन दुकान से पुलिस को कोई सिलिंडर या दूसरा ऐसा सामान नहीं मिला, जिससे धमाका हो सके। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि ऐसा लगता है कि पानी का पाइप लाइन फटने से धमाका हुआ था।