पटाखों पर पाबंदी बेअसर!: पांच साल में सबसे प्रदूषित रही दिल्ली की दीपावली, रातभर आतिशबाजी; सुबह सांसों पर संकट
दीपावली के अगले दिन सुबह 10 बजे एक्यूआई 371 दर्ज किया गया। यह 2021 के बाद त्योहार के अगले दिन सुबह का सबसे अधिक स्तर है। सोमवार सुबह आठ बजे भी दिल्ली का औसत एक्यूआई 370 था। तुलना करें तो दीपावली के अगले दिन 2025 में पूरे दिन का औसत एक्यूआई 351, 2024 में 338, 2023 में 360, 2022 में 302 और 2021 में 462 दर्ज किया गया था।
विस्तार
दिल्ली में इस साल दीपावली पर प्रदूषण ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। त्योहार के दिन राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 दर्ज किया गया, जो 2021 के बाद दीपावली के दिन का सबसे अधिक स्तर है। अगले दिन सोमवार को भी हवा से राहत नहीं मिली। सुबह 10 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 371 रहा। इस दौरान राजधानी के कई इलाके धुंध और कोहरे की चादर में लिपटे रहे। 51 निगरानी केंद्रों में से 14 पर हवा गंभीर, 33 पर बेहद खराब और चार केंद्रों पर खराब श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में सबसे अधिक 439 एक्यूआई रहा।
2021 के बाद सबसे प्रदूषित रही दीपावली
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल दीपावली के दिन औसत एक्यूआई 376 रहा। इससे पहले 2021 में यह 382 दर्ज किया गया था। वहीं, 2025 में 345, 2024 में 328, 2023 में 218 और 2022 में 312 एक्यूआई रहा था। यानी इस साल दीपावली पर हवा 2021 के बाद सबसे ज्यादा प्रदूषित रही।
अगले दिन भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा
दीपावली के अगले दिन सुबह 10 बजे एक्यूआई 371 दर्ज किया गया। यह 2021 के बाद त्योहार के अगले दिन सुबह का सबसे अधिक स्तर है। सोमवार सुबह आठ बजे भी दिल्ली का औसत एक्यूआई 370 था। तुलना करें तो दीपावली के अगले दिन 2025 में पूरे दिन का औसत एक्यूआई 351, 2024 में 338, 2023 में 360, 2022 में 302 और 2021 में 462 दर्ज किया गया था। इस साल सुबह का आंकड़ा ही 371 तक पहुंच गया।
सफदरजंग में दृश्यता 50 मीटर, छह घंटे तक छाया रहा घना कोहरा
प्रदूषण के साथ सोमवार सुबह कोहरे ने भी दिल्ली की परेशानी बढ़ाई। सफदरजंग में सुबह 6:30 बजे दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई, जबकि एक दिन पहले यह 700 मीटर थी। पालम में भी दृश्यता 800 मीटर से घटकर 400 मीटर दर्ज की गई। सफदरजंग में रात 2:30 बजे से सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। सुबह 8:30 बजे दृश्यता सफदरजंग में 100 मीटर और पालम में 600 मीटर थी। सुबह नौ बजे तक यह 500 और 900 मीटर हो गई।
पटाखों के साथ मौसम ने भी बढ़ाई मुश्किल
मौसम विभाग के अधिकारियों ने शुष्क मौसम और हवा की कम गति को प्रदूषण और धुंध बने रहने की वजहों में शामिल किया। पिछली शाम सफदरजंग और पालम दोनों जगह हवा की गति बेहद कम थी। ऐसे में प्रदूषक तत्वों को फैलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं मिल सकीं। वाहनों का धुआं, निर्माण गतिविधियां, सड़क की धूल, पराली जलाने से उठने वाला धुआं और दीपावली की आतिशबाजी भी प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारकों में शामिल रहे।
प्रतिबंध के बावजूद देर रात तक होती रही आतिशबाजी
पटाखे फोड़ने पर पाबंदियों के बावजूद रविवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में आतिशबाजी होती रही। पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी पटाखे फोड़े गए। पूर्वी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के तहत सात और आठ नवंबर को सुबह छह से सात बजे और रात आठ से 10 बजे तक केवल हरित पटाखे फोड़ने की अनुमति थी। इसके अलावा अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, वृद्धाश्रमों और अन्य शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे फोड़ने पर रोक थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी आतिशबाजी जारी रही।
आने वाले दिनों में भी राहत के आसार कम
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में रह सकती है। कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम हवा की औसत गति प्रदूषकों के फैलाव में बाधा बन सकती है। प्रतिकूल मौसम, वाहनों का धुआं, दीपावली की आतिशबाजी और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने को प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारणों में गिना गया है।
| साल | तारीख | एक्यूआई | तारीख | एक्यूआई |
| 2026 | 8 नवंबर | 376 | 9 नवंबर | 344 |
| 2025 | 20 अक्तूबर | 345 | 21 अक्तूबर | 351 |
| 2024 | 31 अक्तूबर | 328 | 1 नवंबर | 339 |
| 2023 | 12 नवंबर | 218 | 13 नवंबर | 358 |
| 2022 | 24 अक्तूबर | 312 | 25 अक्तूबर | 302 |