2 तेंदुए में वर्चस्व को लेकर हुई लड़ाई, अधिक खून बहने से एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोहना क्षेत्र के गांव गैरतपुर बांस में मंगलवार को मृत तेंदुआ मिला। मृत तेंदुए की सूचना मिलने के बाद गांव के लोगों और वन्य जीव विभाग में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौका मुआयना कर मृत तेंदुए को अपने कब्जे में लिया और शाम को चार विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया।
जिसमें अधिक खून बहने और गला दबने से मौत की बात सामने आई है। वन्य विभाग ने किसी तरह के शिकार होने की बात से इंकार किया है। मृत तेंदुआ अरावली क्षेत्र में पानी वाले इलाके से करीब दस मीटर दूर पाया गया है।
विभाग का दावा है कि करीब सवा साल के मादा तेंदुए की किसी बड़े तेंदुए के साथ क्षेत्राधिकार को लेकर लड़ाई हुई होगी। जिसमें इस मादा तेंदुए को अधिक चोटें आईं। शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी हुई है।
चार जगहों पर घाव के निशान हैं। इसके साथ ही गले में गहरा घाव है, जिससे दूसरे तेंदुए द्वारा अटैक किए जाने की बात सामने आती है। बता दें कि इससे पहले एक तेंदुए की ऊंची पहाड़ी क्षेत्र से गिरने से मौत हो गई थी।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि गैरतपुर बास और बंधवाड़ी के इलाके में तेंदुए हैं। गर्मी के दिनों में यह पानी की तलाश में इधर-उधर आते रहते हैं। वन्य जीव विशेषज्ञों का कहना है कि इन जानवरों में अपने क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर जंग रहती है। ऐसे में इस तरह की लड़ाई होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।
श्याम सुंदर कौशिक, मंडलीय वन्य जीव अधिकारी: मृत तेंदुआ की सूचना मिलने के बाद पूरी टीम ने मौके पर जाकर सभी पहलुओं को जांचा है। चार डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया है। जिसमें गला दबने और अधिक खून बहने से मौत की बात सामने आई है।