Faridabad: दो लड़कों ने थाने में घुसकर बनाई रील, ...रातों रात मुंडा बदमाश हो गया
थाना एनआईटी पांच प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता का कहना है कि उन्हें भी सोशल मीडिया के माध्यम के वीडियो प्राप्त हुई है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर मिलने वाले लाइक और कमेंट के लिए आज के युवा कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। बिना ये जाने कि इसका परिणाम क्या हो सकता है। ऐसा ही एक मामला एनआईटी पांच नंबर थाने में सामने आया है।
दो युवाओं ने थाने में घुसकर एक रील बनाई। इसमें बैकग्राइंड में गाना चल रहा है (रातों रात मुंडा बदमाश हो गया)। युवकों द्वारा बनाई इस रील में थाने के गेट का सीन भी नजर आ रहा है। अब साइबर सेल की मदद से युवकों का पता लगाया जा रहा है।
हर्ष शूटर नाम की इंस्टा आईडी से इसे अपलोड किया गया है। देखते ही देखते इस रील पर हजारों लाइक आ चुके हैं और काफी लोग इसे देख चुके हैं। कुछ सोशल साइट पर इसके विरोध में भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि कैसे दो युवकों ने थाने में घुसकर आसानी से रील बना ली और थाने के मुंशी को इसका पता नहीं लगा।
थाना एनआईटी पांच प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता का कहना है कि उन्हें भी सोशल मीडिया के माध्यम के वीडियो प्राप्त हुई है। थाने में वाटर कूलर गैलरी में लगा हुआ है। इसी इमारत में ऊपर एसीपी ऑफिस है। लोग अलग-अलग कारणों से थाने में आते रहते हैं। इसी दौरान युवकों ने गैलरी में वीडियो बना ली है। साइबर सेल की मदद से युवकों का पता लगाया जा रहा है। कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।