Faridabad: ऑटो में बैठाकर सवारियों से करते थे लूटपाट, अपराध शाखा ने की कार्रवाई, पढ़ें गिरफ्तार दो आरोपियों का कबूलनामा
पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल, बाली, वारदात में प्रयोग ऑटो को बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
विस्तार
अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने ऑटो में बैठाकर सवारियों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान कुरैशीपुर निवासी साजिद और समीर उर्फ आमिर के रूप में हुई। आरोपियों ने डबुआ थाना इलाके में अपने तीसरे साथी अजरुद्दीन के साथ मिलकर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर हनुमान मंदिर के पास एक युवक के साथ मारपीट कर छीनाझपटी की वारदात को अंजाम दिया था।
शाखा प्रभारी राकेश कुमार की टीम ने आरोपी समीर को एसजीएम नगर श्मशान घाट के पास से देसी पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। समीर ने साथी साजिद के बारे में जानकारी दी। निशानदेही पर साजिद को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की आपूर्ति के लिए लूटपाट, छीनाझपटी जैसी वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपी इससे पहले भी चोरी और छीनाझपटी के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपी साजिद के खिलाफ दिल्ली में हत्या का एक केस भी दर्ज है, जिसमें वह जेल भी जा चुका है। समीर अपना ऑटो चलाता है। एक सप्ताह पहले आरोपियों ने रात को हनुमान मंदिर के पास से एक युवक को अपने ऑटो में बिठाया और मारपीट कर उसका मोबाइल तथा सोने की दो बाली छीनकर फरार हो गए थे।